मध्य प्रदेश

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित साँची उपडाकघर का वर्चुअल किया गया लोकार्पण

डाक सेवा एवं डाक मित्र एप्प का भी शुभारंभ
रायसेन । साँची स्थित उपडाकघर के नवनिर्मित एवं आधुनिक स्वरूप का सोमवार को लोकार्पण किया गया। दिल्ली से केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी तथा डाक विभाग के सचिव सुब्रत दास ने वर्चुअल माध्यम से साँची उपडाकघर के आधुनिक स्वरूप का लोकार्पण किया।
लोकार्पण कार्यक्रम में साँची विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, नगर परिषद साँची के अध्यक्ष पप्पू रेवाराम अहिरवार सहित डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित करते हुए केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि डाक विभाग देश के नागरिकों तक सेवाएं पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। बदलते समय के साथ डाकघरों को आधुनिक सुविधाओं और डिजिटल तकनीक से सुसज्जित किया जा रहा है। विदिशा प्रधान डाकघर का नया स्वरूप इसी परिवर्तन का उदाहरण है, जहां नागरिकों को बेहतर और सुविधाजनक सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सुविधाओं से युक्त यह डाकघर नागरिकों के लिए अधिक उपयोगी एवं सुविधाजनक सिद्ध होगा। इस अवसर पर उनके द्वारा डाक सेवा एवं डाक मित्र एप्प का भी लोकार्पण किया गया व डाक विभाग को एक भवन न होकर एक मंदिर से तुलना की। संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने कहा कि डाक विभाग पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ डिजिटल एवं वित्तीय सेवाओं के क्षेत्र में भी लगातार विस्तार कर रहा है। आधुनिक डाकघर नागरिकों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं वही डाकघर की पेपरलेस सेवाओं के विस्तार के बारे में बताया। डाक विभाग के सचिव श्री सुब्रत दास ने कहा कि डाकघरों के आधुनिकीकरण का उद्देश्य केवल भवन का स्वरूप बदलना नहीं, बल्कि नागरिकों को बेहतर सेवा अनुभव प्रदान करना है।

Related Articles

Back to top button