धार्मिकमध्य प्रदेश

शारदीय नवरात्र की धूम: नगर के पंडालों में विराजेंगी मां दुर्गा, कहीं वैष्णो देवी की गुफा, कहीं फूलों का महल

सिलवानी। नगर में शारदीय नवरात्र को लेकर धार्मिक उल्लास और भक्ति का माहौल चरम पर है। मां दुर्गा की स्थापना को लेकर जगह-जगह आकर्षक और अनूठे पंडालों का निर्माण अंतिम चरण में है। नगरवासी अपने-अपने क्षेत्र की प्रतिष्ठा के अनुरूप भव्य तैयारियों में जुटे हैं।‌ इस बार नवरात्रि के दौरान तीर्थस्थलों की झलक पंडालों में देखने को मिलेगी। कई आयोजनों में मां वैष्णो देवी की गुफा, फूलों का महल, फ्लाईओवर की प्रतिकृति, और बच्चों के मनोरंजन हेतु विशेष झांकियां तैयार की जा रही हैं।
मूर्तिकारों में उत्साह, निर्माण कार्य अंतिम चरण में
नगर और आसपास के क्षेत्रों से आए मूर्तिकार और कारीगर माता रानी की प्रतिमाओं के साथ-साथ पंडाल निर्माण में दिन-रात जुटे हैं। नवरात्रि की भव्यता और धार्मिक वातावरण को ध्यान में रखते हुए हर पंडाल को अलग पहचान देने की कोशिश की जा रही है।
प्रमुख पंडालों की विशेषताएं
संदीपनी विद्यालय प्रांगण में इस बार मां वैष्णो देवी की गुफा के तर्ज पर विशेष पंडाल बनाया जा रहा है, जहां श्रद्धालु दर्शन के साथ गुफा के अद्भुत अनुभव का आनंद भी ले सकेंगे।
गांधी चौक स्थित स्टेट बैंक परिसर और शिवाजी नगर में भी भव्य पंडालों का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। इन स्थानों पर भी सुंदर सजावट और विशेष झांकियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी।
नगरवासियों में उत्साह
नगरवासियों में नवरात्रि को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। माता के स्वागत के लिए की जा रही तैयारियां नगर की सांस्कृतिक और धार्मिक एकता की झलक प्रस्तुत कर रही हैं।
पंडालों की सजावट, ध्वनि-प्रकाश व्यवस्था, और रंग-बिरंगी लाइटिंग से पूरे नगर का माहौल भक्तिमय बनने लगा है। आने वाले दिनों में जैसे-जैसे नवरात्रि की शुरुआत होगी, वैसे-वैसे नगर की रौनक और भी बढ़ेगी।

Related Articles

Back to top button