मध्य प्रदेशहेल्थ

सिविल हॉस्पिटल बेगमगंज के लिए डॉक्टरों की नियुक्ति एवं सुविधाओं को लेकर सौंपा ज्ञापन

मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री के नाम सौंपा गया मांग पत्र
रायसेन। क्षेत्र की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ एवं सुलभ बनाने की मांग को लेकर जिला मुख्यालय रायसेन पहुंचकर बेगमगंज के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शिवराज सिंह चौहान, स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ल, जिला प्रभारी मंत्री नारायण सिंह पवार एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह के नाम भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश शर्मा को एक ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि 100 बिस्तरीय नवनिर्मित सिविल अस्पताल बेगमगंज में स्वीकृत पदों के अनुरूप डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं हो पाने के कारण आमजन को उचित स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रही हैं। ग्रामीण अंचल से आने वाले मरीजों के लिए पर्याप्त एंबुलेंस की व्यवस्था नहीं है, जिससे आपातकालीन स्थिति में भी मरीजों को समय पर उचित उपचार नहीं मिल पाता।
इसके साथ ही, अस्पताल में डायलिसिस मशीन की अनुपलब्धता के कारण गंभीर रोगियों को भोपाल जैसे बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे समय और आर्थिक दोनों ही दृष्टिकोण से परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में सुल्तानगंज उप स्वास्थ्य केंद्र की भी स्थिति उजागर की गई, जहां एक भी डॉक्टर पदस्थ नहीं है, और वहां की व्यवस्था बेगमगंज से तैनात डॉक्टरों के सहारे चल रही है, जिससे बेगमगंज की सेवाएं भी प्रभावित हो रही हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने दोनों स्थानों पर महिला डॉक्टरों की नियुक्ति को अत्यावश्यक बताया, ताकि महिला मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध हो सकें।
मांग करने वालों में नगर पालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, जनपद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं समस्त पार्षद गण तथा क्षेत्र के गणमान्य नागरिक व क्षेत्र के लोग शामिल है।

Related Articles

Back to top button