श्मशान भूमि पर बढ़ते अतिक्रमण को लेकर सौंपा ज्ञापन, कार्रवाई की मांग

सिलवानी। नगर के वार्ड क्रमांक 12 नूरपुरा तथा वार्ड क्रमांक 01 राममंदिर जमुनियापुरा स्थित श्मशानों की शासकीय भूमि पर हो रहे अवैध अतिक्रमण के विरोध में स्थानीय नागरिकों ने शुक्रवार को अनुविभागीय अधिकारी के नाम तहसीलदार सुधीर शुक्ला को एक ज्ञापन सौंपा। नगरवासियों ने प्रशासन से तत्काल जांच कर अतिक्रमण रोकने तथा भूमि को मुक्त कराने की मांग की।
ज्ञापन में उल्लेक किया कि वार्ड नं. 12 स्थित भोड़िया रोड पर शासकीय विद्यालय के पीछे पुराने श्मशान की भूमि पर कुछ लोग लगातार अवैध निर्माण कर रहे हैं। इसी तरह वार्ड नं. 01 के श्मशान पर भी अवैध कब्जे की शिकायतें सामने आई हैं, जिन पर नागरिकों ने कड़ी आपत्ति जताई है।
नागरिकों ने मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर अवैध निर्माण कार्य को रोका जाए और श्मशान भूमि की सुरक्षा के लिए तत्काल तारफेंसिंग कराई जाए। साथ ही वार्ड क्रमांक 03 शासकीय महाविद्यालय के पास स्थित श्मशान में मुखाग्नि स्थल के क्षतिग्रस्त एंगल एवं टीन शेड की मरम्मत कराने की आवश्यकता बताई गई है ताकि अंत्येष्टि कार्य सुचारु रूप से हो सकें।
इसके अलावा गणेश विसर्जन घाट के घटिया निर्माण की भी जांच की मांग ज्ञापन में की गई है।
नागरिकों ने प्रशासन से आग्रह किया कि लोकहित को देखते हुए शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा श्मशानों में आवश्यक सुविधाओं का विकास कराया जाए।



