मध्य प्रदेश

विद्युत कर्मचारियों पर अभद्रता और जबरन कार्रवाई का आरोप, एसडीएम के नाम सौंपा ज्ञापन

सिलवानी। मंगलवार को क्षेत्र के विद्युत उपभोक्ताओं ने अनुविभागीय अधिकारी के नाम तहसीलदार सुधीर शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर म.प्र. विद्युत कंपनी सिलवानी के कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
ज्ञापन में बताया गया कि विभाग के कर्मचारी हर सप्ताह उपभोक्ताओं के घरों में जबरन प्रवेश करते हैं और बिना अनुमति घरों के अंदर घुस जाते हैं। घर की महिलाओं द्वारा विरोध करने पर कर्मचारियों द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए गाली-गलौच की जाती है। साथ ही झूठे प्रकरण बनाकर भारी जुर्माना लगाने और परिवार के पुरुषों को पुलिस मामलों में फंसाने की धमकी भी दी जाती है।
पीड़ितों का आरोप है कि नियमित रूप से बिजली बिल जमा करने के बावजूद उनके खिलाफ बिजली चोरी के झूठे मामले बनाए जा रहे हैं।
घटना के संबंध में बताया गया कि 18 मई 2026 को शाम करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच पराग ढाबे, हेमराज चौधरी, गुलाब सिंह भवेदी, अमन चौरसिया, सोहेल मंसूरी, इकबाल खां, गौरव अग्रवाल सहित 3-4 अन्य कर्मचारी जबरन घरों में घुस गए। उस समय घर में पुरुष सदस्य मौजूद नहीं थे। महिलाओं द्वारा रोकने के बावजूद कर्मचारियों ने गाली-गलौच करते हुए मीटर उखाड़ लिए और बिजली आपूर्ति बंद कर दी। विरोध करने पर धक्का-मुक्की करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
ज्ञापन में मांग की गई है कि संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए तथा जिन घरों के मीटर हटाए गए हैं, उन्हें पुनः स्थापित कराया जाए।
इस दौरान सफीक काजी, शमीम, नफीस, साहब उद्दीन, आरिफ, शावर, इसरत, अनस, आयाज, नगमा, खालिद आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button