सुपोषित रायसेन अभियान के तहत अतिकुपोषित बच्चों को बांटी गई फूड किट

सिलवानी। महिला एवं बाल विकास विभाग सिलवानी द्वारा ग्राम गुंदरई स्थित आंगनवाड़ी केंद्र में अतिकुपोषित (SAM) श्रेणी के 20 बच्चों के लिए विशेष फूड किट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम एलटी फाउंडेशन द्वारा कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (CSR) के अंतर्गत संचालित सुपोषित रायसेन अभियान के तहत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व जनपद अध्यक्ष शीला बाई बाबू पटेल उपस्थित रहीं। वहीं विभाग की प्रभारी अविदा बी, पर्यवेक्षक सुरक्षा विश्वकर्मा, संदीप रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं भी मौजूद रहीं।
इस दौरान अतिकुपोषित बच्चों को पौष्टिक सामग्री से युक्त फूड किट वितरित की गई। साथ ही बच्चों के अभिभावकों को संतुलित आहार, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक किया गया। वक्ताओं ने कहा कि बच्चों का बेहतर स्वास्थ्य ही समाज और देश के उज्ज्वल भविष्य की नींव है, इसलिए कुपोषण जैसी गंभीर समस्या से सामूहिक प्रयासों से लड़ना आवश्यक है।
मुख्य अतिथि शीला बाई ने एलटी फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम ग्रामीण क्षेत्रों में बच्चों के स्वास्थ्य सुधार में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के पोषण, टीकाकरण और नियमित देखभाल पर विशेष ध्यान देने की अपील की।
महिला एवं बाल विकास विभाग की टीम ने बताया कि विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर अति कुपोषित बच्चों तक पोषण सामग्री और स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाई जा रही हैं।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना के साथ किया गया।



