48 लाख रूपये के विकास कार्यों का विधायक ने किया लोकार्पण व भूमिपूजन

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। स्लीमनाबाद के समीपस्थ ग्राम पंचायत तेवरी में बहोरीबंद विधायक प्रणय पांडेय द्वारा 48 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया गया।
ग्राम के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए विधायक ने तेवरी में 24 लाख रुपये की लागत से नवीन सीवर लाइन और नाली निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। इसके अतिरिक्त ग्रामीण क्षेत्र की व्यापारिक सुविधा को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से दुकानों के निर्माण तथा ग्राम में पशु देखरेख के लिए 5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कांजी हाउस के निर्माण कार्य का भी भूमिपूजन किया गया।
इसी कार्यक्रम में ग्रामवासियों को सामुदायिक गतिविधियों के लिए एक नया मंच उपलब्ध कराने हेतु 11.67 लाख रुपये की लागत से तैयार सामुदायिक भवन और खेल मैदान का लोकार्पण किया गया। युवाओं के लिए यह सुविधा खेल और सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने में सहायक सिद्ध होगी।
वार्ड क्रमांक 4 में 7.80 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन आंगनबाड़ी केंद्र का लोकार्पण भी विधायक द्वारा किया गया । यह केंद्र बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त होगा, जिससे क्षेत्र की माताओं और बच्चों को बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक प्रणय पांडेय ने कहा कि सरकार ग्रामीण विकास के लिए संकल्पित है और जनता की मूलभूत आवश्यकताओं की पूर्ति प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि बहोरीबंद विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक ग्राम को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जाएगा और आगामी वर्षों में और भी कई विकास कार्य प्रारंभ किए जाएंगे।
इस दौरान थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया, सहायक यंत्री अरविंद पटेल, सरपंच काजल रजक, कमलेश रजक, लकी अग्रहरी, सुनील गुप्ता, भाजपा मंडल अध्यक्ष दीपू शुक्ला, पुरषोत्तम सिंह ठाकुर, दिनेश असाठी, रोजगार सहायक हिमांशु कुशवाहा सहित बड़ी संख्या मै लोगों की उपस्थिति रही।



