विधायक ने मुख्यमंत्री को लिखा पत्र, भूमि का सर्वेक्षण कराकर स्वीकृति देने का किया आग्रह

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम बछरवारा में औद्योगिक पार्क विकसित करने की मांग उठाई गई है । क्षेत्रीय विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर ग्राम बछरवारा में उपलब्ध लगभग 250 से 300 एकड़ भूमि का सर्वेक्षण एवं परीक्षण कराकर औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए आवश्यक स्वीकृति और कार्यवाही करने का आग्रह किया है ।
मंडल अध्यक्ष आशीष चौरसिया ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह ने 28 अक्टूबर 2026 को मुख्यमंत्री के नाम पत्र जारी किया है । पत्र में उल्लेख किया गया है कि जनपद पंचायत बड़वारा की ग्राम पंचायत बछरवारा में खसरा नंबर 301/1 के आसपास लगभग 250 से 300 एकड़ भूमि औद्योगिक पार्क विकसित करने के लिए उपलब्ध है । यह भूमि स्टेट हाईवे से लगी हुई है । साथ ही कटनी से छत्तीसगढ़ जाने वाली रेलवे लाइन भी इसके नजदीक है । ऐसे में औद्योगिक पार्क की स्थापना के लिए यह स्थान उपयुक्त हो सकता है ।
विधायक ने पत्र में कहा है कि यहां औद्योगिक पार्क विकसित होने से क्षेत्र में औद्योगिक निवेश को बढ़ावा मिलेगा । स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा जनजातीय क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी । इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों में भी विस्तार होने की संभावना है ।
विधायक ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि प्रस्तावित भूमि का सर्वेक्षण एवं परीक्षण कराकर औद्योगिक पार्क की स्थापना की दिशा में शीघ्र आवश्यक कार्रवाई की जाए । पत्र की प्रतिलिपि मुख्य सचिव, औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग, प्रबंध संचालक मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम तथा कलेक्टर जिला कटनी को भी भेजी गई है ।



