संत शिरोमणि रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित

सिलवानी। आदिवासी अंचल के ग्राम प्रतापगढ़ संत शिरोमणि रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में आज सरस्वती शिशु मंदिर प्रतापगढ़ में वंदना सभा के दौरान विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कंधई लाल अहिरवार का आतिथ्य प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर कंधई लाल अहिरवार ने संत रविदास जी के जीवन परिचय, उनके विचारों एवं सामाजिक समरसता के संदेश पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि संत रविदास जी ने अपने जीवन और वाणी के माध्यम से समाज को समानता, प्रेम, भाईचारे तथा मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी समाज को एकता और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम में अतिथि परिचय विद्यालय के प्राचार्य वीरेंद्र सिंह यादव द्वारा कराया गया। अतिथि स्वागत विद्यालय के आचार्य अरविन्द एवं गौरव जी ने किया। कार्यक्रम के अंत में आभार प्रदर्शन विद्यालय के आचार्य ब्रजेश राय द्वारा किया गया।



