मध्य प्रदेश

उमरियापान क्षेत्र में कथित अवैध रेत कारोबार का नेटवर्क सक्रिय!

छोटे से गांव का व्यक्ति संभाल रहा कारोबार, सुबह से रात तक नगर में आवाजाही की चर्चा
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान।  उमरियापान क्षेत्र में कथित अवैध रेत कारोबार को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो रहे हैं ।  आरोप है कि क्षेत्र के एक छोटे से गांव का व्यक्ति पूरे इलाके में रेत के अवैध कारोबार का संचालन कर रहा है ।  बताया जा रहा है कि उक्त व्यक्ति सुबह से लेकर रात करीब आठ बजे तक उमरियापान नगर और आसपास के क्षेत्रों में खुलेआम घूमता नजर आता है ।
स्थानीय स्तर पर लगाए जा रहे आरोपों के अनुसार, रात के समय ट्रैक्टर-ट्रॉलियों सहित अन्य वाहनों के माध्यम से बेलकुंड घाट, घुघरी, शुक्ल पिपरिया, बिछिया, बरौदा, घुघरा और कछार गांव सहित विभिन्न घाटों से रेत का उत्खनन एवं परिवहन किया जा रहा है ।  आरोप है कि इस पूरे कारोबार में कई वाहनों का इस्तेमाल किया जा रहा है, लेकिन अब तक जिम्मेदार विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई सामने नहीं आई है ।
*न्यू बस स्टैंड पर सेटिंग होने का दावा*
मामले को लेकर एक और गंभीर आरोप सामने आया है ।  बताया जा रहा है कि संबंधित व्यक्ति उमरियापान के न्यू बस स्टैंड पर खुलेआम यह दावा करता है कि उसकी सभी जगह सेटिंग है और केवल यह बताने की जरूरत है कि रेत कहां खाली करनी है ।  यदि यह दावा सही है तो इसकी निष्पक्ष जांच होना जरूरी है । आखिर किसके संरक्षण में यह कारोबार संचालित हो रहा है और संबंधित व्यक्ति के दावों के पीछे कितनी सच्चाई है?
*जिम्मेदार विभाग की चुप्पी पर सवाल*
उमरियपान क्षेत्र में कथित रूप से रात के समय रेत का उत्खनन और परिवहन होने के आरोपों के बावजूद खनिज विभाग, राजस्व विभाग और पुलिस प्रशासन की कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं ।  उमरियापान नगर क्षेत्र में बाहरी गांव के व्यक्ति द्वारा इस तरह के कारोबार के संचालन के आरोप सामने आना प्रशासनिक निगरानी पर भी सवाल खड़े करता है ।
अब जिला प्रशासन पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित घाटों का निरीक्षण कराए, रात के समय रेत परिवहन में लगे वाहनों के दस्तावेजों की जांच करे और कथित कारोबार के पीछे सक्रिय लोगों तथा संरक्षण देने वालों की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराए। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए ।

Related Articles

Back to top button