माँ ने तीन मासूमों के साथ कुएं में कूदकर दी जान, मानसिक बीमार थी महिला
रिपोर्टर : मनीष यादव, पलेरा
टीकमगढ़ । खरगापुर थाना क्षेत्र के ग्राम खरौं के पास एक कुएं में महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ आत्महत्या कर ली।
घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वहीं खरगापुर एवं बल्देवगढ़ थानों की पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि महिला मानसिक रूप से बीमार थी और हाल ही में ग्वालियर से अपन उपचार कराकर लौटी थी।
बल्देवगढ़ थाना के ग्राम भेलसी निवासी भारती कुशवाहा 25 वर्ष ने अपने 6 साल के बेटे बृजगोपाल, 3 साल के हरिशचंद्र एवं 1 वर्ष के आकाश के साथ खरौं रोड़ पर पडऩे वाले बड़े कुएं में कूद कर आत्महत्या कर ली। रविवार की सुबह 10 बजे घर में खाना बनाकर महिला खेत पर जाने के लिए निकली थी। इसके बाद वह लौटकर नहीं आई। पूरे दिन महिला की तलाश करने के बाद पति नंदकिशोर ने इसकी सूचना बल्देवगढ़ थाने में दर्ज कराई थी। यहां पुलिस ने गुमइंसान की कायमी कर ली थी। वहीं सोमवार की सुबह से महिला को ढूंढने निकले परिजनों को उनके शव कुएं में तैरते मिले। इस घटना के बाद गांव सहित क्षेत्र भर की महिलाएं एवं ग्रामीण घटना स्थल पर पहुंचे गए। मां के साथ तीन मासूमों के शव देखकर हर किसी का दिल फटा जा रहा था। मां के आंचल में खुद को महेशा सुरक्षित समझने वाले मासूमों को पता ही नहीं था कि आज मां उनके साथ क्या करने जा रही है। इन अबोध बच्चों के शव देखकर हर कोई बिलख रहा था। फ़िलहाल अब पूरे मामले की पुलिस जांच में जुट गई है।