दुर्घटनाओं से बचाव के लिए नई पहल: नगर के युवा गायों को पहना रहे रिफ्लेक्टिव बेल्ट

सिलवानी। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं द्वारा एक सराहनीय पहल की शुरुआत की है जिससे सड़कों पर आवारा घूमने वाली गायों को दुर्घटनाओं से बचाया जा सके। अक्सर रात के समय गायें सड़कों पर दिखाई नहीं देतीं, जिससे वाहन चालकों को उन्हें समय पर देख पाना मुश्किल होता है और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। इसी समस्या के समाधान के लिए युवाओं ने गायों को रिफ्लेक्टिव बेल्ट पहनाने का बीड़ा उठाया है।
इन बेल्टों में विशेष चमकदार पट्टियाँ लगी होती हैं, जो अंधेरे में वाहनों की हेडलाइट्स पड़ते ही चमकने लगती हैं। इससे दूर से ही पता चल जाता है कि सड़क पर कोई जानवर मौजूद है, जिससे वाहन चालक सतर्क हो जाते हैं और दुर्घटनाओं की संभावना कम हो जाती है।
राहुल नामदेव, राघवेंद्र कुशवाहा ने बताया हमने देखा कि हर महीने कई गायें सड़क हादसों का शिकार हो रही हैं। हम चाहते हैं कि पशुओं की जान भी सुरक्षित रहे और वाहन चालकों को भी परेशानियों का सामना न करना पड़े। नगर के युवाओं की यह छोटी-सी लेकिन प्रभावशाली पहल समाज के लिए एक बड़ा संदेश है कि यदि हम चाहें तो छोटे-छोटे कदमों से भी बड़ी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं। इस दौरान राहुल नामदेव, राघवेंद्र कुशवाहा, अनिकेत पोरिया, हीरा कुशवाहा, मुकेश साहू, कार्तिक नामदेव आदि मौजूद रहे।



