सरकारी दफ्तर में मुर्गा, शराब पार्टी पर उपयंत्री को नोटिस

रायसेन । रविवार को पीएचई मैकेनिकल कार्यालय के एक कक्ष में ठेकेदार के साथ शराब और मुर्गा पार्टी करने वाले उपयंत्री महेन्द्र तंतुवाय का अशोभनीय आचरण एवं अनुशासनहीनता बरतने पर कलेक्टर अरविंद दुबे ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
उल्लेखनीय है कि उक्त पार्टी का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें उपयंत्री महेन्द्र तंतुवाय एवं अन्य अधिकारी, कर्मचारियों द्वारा कार्यालय में मुर्गा शराब कीं पार्टी करते नजर आ रहे थे। इस संबंध में सोशल मीडिया पर चल रहे वीडियो में महेन्द्र द्वारा भोजन में मुर्गा बना होने की बात कही जा रही है तथा दीवार के सहारे अल्कोहल की बोतल रखी नजर आ रही है। इसे कलेक्टर दुबे ने मप्र सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम तीन का स्पष्ट उल्लंघन बताते हुए तंतुवाय को नोटिस जारी कर तीन दिन में उत्तर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समयावधि में जबाव प्राप्त नहीं होने पर एक पक्षीय कार्रवाई की जाएगी।



