मध्य प्रदेश

जंगल की झाड़ियों में मिली नवजात बच्ची, आखिर कौन छोड़ गया मासूम को?

डुंगरिया खुर्द के जंगल में सुबह मची सनसनी, पशु चराने गए व्यक्ति ने सुनी हलचल; पुलिस माता-पिता और परिजनों की तलाश में जुटी
बम्हौरी । मंगलवार सुबह जंगल की खामोशी को एक नवजात की कमजोर रुलाई ने तोड़ दिया। ग्राम डुंगरिया खुर्द के जंगल में पशु चराने गए एक व्यक्ति की नजर झाड़ियों के बीच पड़ी उस नन्ही बच्ची पर गई, जो जिंदगी की पहली सांसों के साथ मदद की उम्मीद कर रही थी। व्यक्ति ने बिना देर किए इसकी सूचना दी और देखते ही देखते स्वास्थ्य विभाग तथा पुलिस की मदद से बच्ची को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया गया।
घटना मंगलवार सुबह करीब 7 बजे की बताई जा रही है। पशु चराने गए व्यक्ति ने जंगल की झाड़ियों के बीच नवजात बच्ची को देखा। उसने तत्काल रमपुरा की आशा कार्यकर्ता नीरू कुशवाह को फोन कर जानकारी दी। सूचना मिलते ही आशा कार्यकर्ता मौके पर पहुंचीं और स्वास्थ्य विभाग को इसकी जानकारी दी। बीएमओ डॉ. आरएस पटेल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग का अमला और पुलिस टीम ‘जंगल पहुंची।
कीचड़ भरे और कठिन रास्ते के बावजूद टीम ने बच्ची को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बम्हौरी पहुंचाया। यहां बच्ची का प्राथमिक परीक्षण और उपचार किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत ठीक थी, हालांकि बेहतर उपचार और निगरानी के लिए उसे जिला अस्पताल रायसेन रेफर कर दिया गया।
जन्म देने वालों की तलाश, कई सवालों के जवाब बाकीः प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बच्ची का जन्म सोमवार रात हुआ होगा। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जन्म के कुछ समय बाद यह नवजात जंगल की झाड़ियों तक कैसे पहुंची। पुलिस मामले की जांच कर रही है और बच्ची के माता-पिता व अन्य परिजनों की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।
थाना प्रभारी प्रीतम सिंह राजपूत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्ची को अस्पताल पहुंचाया गया। मामले की विवेचना की जा रही है तथा सभी संभावित पहलुओं की जांच की जाएगी। वहीं स्वास्थ्य विभाग भी क्षेत्र में हाल में हुए प्रसव की जानकारी जुटा रहा है। प्रसूता की पहचान होने के बाद ही इस मासूम के जंगल तक पहुंचने के पीछे की पूरी कहानी सामने आ सकेगी।
फिलहाल झाड़ियों में मिली यह नन्ही जिंदगी सुरक्षित है, लेकिन उसके मिलने की घटना समाज के सामने कई सवाल छोड़ गई है।

Related Articles

Back to top button