गणेशोत्सव को लेकर उमरियापान में पुलिस का पैदल मार्च, सड़क किनारे लगी दुकानें हटाईं

गणेश पंडालों में पहुंचकर समितियों से की चर्चा, नशे और जुआ जैसी गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। गणेश उत्सव पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने को लेकर उमरियापान पुलिस सक्रिय नजर आ रही है । शांति समिति की बैठक में जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाए गए मुद्दों तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेते हुए थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बुधवार को पुलिस स्टाफ के साथ नगर के प्रमुख मार्गों पर पैदल मार्च किया । इस दौरान पुलिस ने यातायात व्यवस्था का जायजा लेने के साथ ही सड़क किनारे लगने वाली दुकानों और हाथठेलों को हटवाया ।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने झंडा चौक एवं बस स्टैंड क्षेत्र का भ्रमण करते हुए सड़क किनारे दुकान एवं हाथठेले लगाने वाले लोगों को समझाइश दी । उन्होंने कहा कि मुख्य सड़क एवं चौराहे के आसपास दुकानें और हाथठेले लगाने से सड़क की चौड़ाई कम हो जाती है, जिससे यातायात प्रभावित होने के साथ जाम की स्थिति बनती है । उन्होंने दुकानदारों एवं हाथठेला संचालकों से सड़क से हटकर निर्धारित एवं सुरक्षित स्थान पर दुकान लगाने की अपील की । पुलिस ने मौके पर सड़क किनारे लगी दुकानों एवं हाथठेलों को हटवाते हुए झंडा चौक और बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए ।
पैदल मार्च के दौरान पुलिस टीम नगर के विभिन्न गणेश पंडालों में भी पहुंची । यहां थाना प्रभारी ने गणेश उत्सव समितियों के अध्यक्षों एवं सदस्यों से चर्चा कर पर्व के दौरान आवश्यक सावधानियां बरतने की बात कही । उन्होंने समितियों से पंडालों में अनुशासन बनाए रखने, भीड़ को नियंत्रित करने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की ।
थाना प्रभारी ने गणेश पंडालों में शराब के नशे में किसी व्यक्ति के पहुंचने तथा जुआ जैसी गतिविधियों पर विशेष रूप से रोक लगाने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार का विवाद या असामाजिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी ।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने गणेश उत्सव समितियों को स्पष्ट शब्दों में कहा कि पर्व के दौरान पुलिस द्वारा लगातार गश्त की जाएगी । विशेष रूप से गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान शराब पीकर हुड़दंग, उपद्रव अथवा कानून व्यवस्था बिगाड़ने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी । उन्होंने समितियों से अपील की कि विसर्जन जुलूस के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और पुलिस प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर चलें ।
पुलिस ने नगरवासियों से यातायात व्यवस्था में सहयोग करने तथा सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े नहीं करने की अपील की । थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस के साथ-साथ गणेश उत्सव समितियों और नगरवासियों की सामूहिक जिम्मेदारी है।



