सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ने की अपील

रायसेन। भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के लोक सेवक के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने एवं जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत रायसेन जिले में विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी के 13 कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के जिला संयोजक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री रामपाल सिंह ठाकुर ने जिले के सभी मंडल अध्यक्षों, 1384 बूथ अध्यक्षों, मंडल टोलियों एवं बूथ टोलियों से अभियान को सफल बनाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस से सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत होगी। इस दिन प्रातः 10 बजे जिला चिकित्सालय सहित ब्लॉक स्तर पर रक्तदान शिविर आयोजित किए जाएंगे। युवा साथियों, सामाजिक संगठनों और पार्टी कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान कर इस सेवा कार्य में सहभागी बनने की अपील की गई है।
इसी दिन शाम 7 बजे जिले के सभी 1384 बूथों पर “आशीर्वाद का दिया” कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। प्रत्येक परिवार अपने घर में दीप प्रज्वलित कर इस अभियान का सहभागी बनेगा। हर एक दीपक प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों की जनसेवा के प्रति आभार और विकसित भारत-2047 के सामूहिक संकल्प का प्रतीक होगा।
रामपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे प्रधानमंत्री जी की योजनाओं के लाभार्थियों के घर-घर पहुंचकर “आशीर्वाद का दिया” प्रज्वलित कराएं और “जिसने जीवन संवारा, उसको आशीर्वाद हमारा” का संदेश जन-जन तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान केवल पार्टी का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को सेवा और जनभागीदारी से जोड़ने का अवसर है। इसलिए सभी कार्यकर्ता पूरे उत्साह और जिम्मेदारी के साथ अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम को सफल बनाने में जुटें।
अभियान के दौरान “25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत”, “नमो सेवा गाथा”, “नुक्कड़ नाटक प्रस्तुति”, “आंगन का महोत्सव”, “कहानी बदलाव की”, “विकसित भारत संकल्प यात्रा”, “सेवा ज्योति यात्रा”, “सेवा मेरा योगदान”, “सेवा सेतु अभियान”, “सरकार आपके द्वार”, “राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज”, “जनसेवक महाकुंभ” एवं “पंचायत से पार्लियामेंट” जैसे कार्यक्रम 17 अक्टूबर तक आयोजित किए जाएंगे।
रामपाल सिंह ने जिले के सभी कार्यकर्ताओं, बूथ अध्यक्षों एवं मंडल पदाधिकारियों से आह्वान किया कि वे पूरी सक्रियता के साथ सहभागी बनकर सेवा संकल्प अभियान को जनभागीदारी का अभियान बनाएं।



