वरिष्ठ पत्रकार दीपक काँकर को लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड

भारतीय पत्रकारिता में गौरवशाली योगदान के लिए सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब ने किया सम्मानित
भोपाल। भारतीय पत्रकारिता में लंबे समय से सक्रिय और रायसेन जिले के वरिष्ठ पत्रकार दीपक काँकर को पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके गौरवशाली योगदान के लिए लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान 16 सितंबर 2026 को भोपाल स्थित पुराना विधानसभा भवन के मिंटो हॉल में आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।
सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब, भोपाल द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल और पूर्व राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी की मौजूदगी में वरिष्ठ पत्रकार दीपक काँकर को सम्मानित किया गया।
समारोह में पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके दीर्घकालीन योगदान, सक्रियता और जनसरोकारों से जुड़े विषयों को प्रमुखता से सामने रखने के लिए उनके कार्यों को सम्मानित किया गया। रायसेन जिले में पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय दीपक काँकर ने स्थानीय मुद्दों, जनसमस्याओं और सामाजिक सरोकारों को समाचारों के माध्यम से प्रमुखता से उठाया है।
कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, सेंट्रल इंडिया प्रेस क्लब के संरक्षक विजयदास, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद गुर्जर, राजेश भाटिया, के.डी. शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकार एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
सम्मान समारोह में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, इंदौर सहित मध्यप्रदेश और देश के विभिन्न शहरों से आए पत्रकारों ने भी सहभागिता की। इस दौरान पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, मीडिया के सामने मौजूद चुनौतियों और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने रखने की आवश्यकता पर भी चर्चा हुई।
दीपक काँकर को मिले इस सम्मान को रायसेन जिले की पत्रकारिता के लिए भी महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है। जिले के पत्रकारों, सामाजिक संगठनों और शुभचिंतकों ने उन्हें लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।



