पिकप ने बाइक को मारी टक्कर, एक की मौत, एक रेफर, वाहन लेकर चालक हुआ फरार
टोल प्लाजा से सीसीटीवी कैमरे से हुई वाहन की पहचान
सिलवानी । राजमार्ग 15 सिलवानी सियरमऊ मार्ग पर पुरानापानी नदी के पास पिकप वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी जिससे बाइक सवार तीनो सवार गिरकर घायल हो गए। वही पिकप वाहन घटना स्थल से फरार हो गया। बाइक सवार एक महिला की मौत हो गई वही एक महिला को गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगलवार को बाइक क्रमांक एमपी 38 सी 9458 का चालक शिवराज सिंह आदिवासी पिता रणधीर आदिवासी उम्र 29 साल निवासी नगझिरी सियरमऊ से अपनी बड़ी मम्मी संतोषरानी पति रतन सिंह उम्र 60 साल और मझली भावी इमरतीबाई पति श्यामलाल उम्र 40 साल को लेकर चिचौली सिलवानी की ओर आ रहा था कि सिलवानी की ओर से आ रही सफेद रंग की पिकप बोलेरो जिसमे पीछे ट्राली टोजन कर ले जा रहा था की पुरानापानी नदी के पास दोनो वाहनों की दोपहर डेढ़ बजे आमने सामने भिंडत हो गई, जिससे बाइक सवार तीनो गिरकर घायल हो गए और मौके से पिकप बोलेरों वाहन टक्कर मार कर फरार हो गया। घायलों को इलाज हेतु सिविल हॉस्पिटल सिलवानी लाया गया जहां डॉक्टर ने चेक करने के बाद संतोषरानी पति रतन सिंह उम्र 60 साल को मृत घोषित कर दिया वही इमरतीबाई पति श्यामलाल उम्र 40 साल को प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर अवस्था में जिला चिकित्सालय रायसेन रेफर किया गया है।
थाना प्रभारी डीपी सिंह ने बताया कि फरियादी शिवराज सिंह आदिवासी की रिपोर्ट पर सफेद रंग की पिकप बोलेरो जो ट्राली को टोजन किए हुए था कि जानकारी देने पर पुलिस द्वारा टोल प्लाजा सिलवानी से सीसीटीवी कैमरे के फुटैज के आधार पर पिकप बोलरो वाहन क्रमांक एमपी 15 जी 3834 जो कि टोल प्लाजा से 1.05 मिनट पर क्रास हुई थी के आधार पर प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया है। वाहन चालक और वाहन की खोज की जा रही है।



