पोषण माह अंतर्गत आंगनवाड़ी केंद्रों में “वोकल फॉर लोकल” थीम पर कार्यक्रम आयोजित

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज। महिला एवं बाल विकास परियोजना बेगमगंज के अंतर्गत पोषण माह अवसर पर आंगनवाड़ी केंद्र वार्ड क्रमांक 11 में वोकल फॉर लोकल थीम पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक रचना राजपूत द्वारा स्थानीय उत्पादों व खिलौनों के उपयोग के महत्व पर जानकारी दी गई। इस दौरान बच्चों और महिलाओं द्वारा मिट्टी के खिलौने बनाकर प्रदर्शित किए गए, जिससे स्थानीय परंपरा और स्वदेशी उत्पादों को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में संतुलित आहार, पौष्टिक भोजन के महत्व तथा बच्चों एवं गर्भवती माताओं के स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी। प्रदर्शनी में स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हरी सब्ज़ियों, दालों, अनाज, फलों एवं अन्य खाद्य पदार्थों के पोषण मूल्य की जानकारी दी गई। साथ ही पोषण से संबंधित पोस्टर, चार्ट एवं मॉडल भी आकर्षण का केंद्र रहे।
इस अवसर पर पुरुष अभिभावकों को बच्चों के पोषण, देखभाल एवं स्वास्थ्य सुधार में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका के बारे में जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में सेक्टर पर्यवेक्षक रचना राजपूत, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता वर्षा राठौर, उमा पंथी, प्रेमदुलारी ठाकुर, भागवती साहू, ममता साहू, काशी बाई एवं सहायिकाओं सहित स्थानीय महिलाएँ, पुरुष एवं समुदाय के गणमान्य नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही।



