सिलवानी में ABVP का विरोध प्रदर्शन, VIT विश्वविद्यालय प्रशासन का पुतला दहन

सिलवानी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) की सिलवानी इकाई ने मंगलवार को VIT विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन करते हुए पुतला दहन किया। परिषद का कहना है कि यह प्रदर्शन बीती रात छात्रों के साथ हुए कथित अमानवीय व्यवहार के विरोध में किया गया।
ABVP द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों को कथित रूप से दूषित भोजन परोसा गया, जिसके कारण सैकड़ों छात्र जॉन्डिस जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हो गए। परिषद का आरोप है कि बीमार छात्रों के उपचार में भारी लापरवाही बरती गई। जब छात्रों ने विरोध दर्ज कराया, तो उन्हें सुरक्षा कर्मियों द्वारा मारपीट का सामना करना पड़ा, जिससे कई छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिषद ने यह भी आरोप लगाया कि स्थिति को छिपाने के प्रयास में प्रशासन ने छात्रों को जल्दबाज़ी में घर भेज दिया।
इस मौके पर ABVP कार्यकर्ताओं ने चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक प्रभावित छात्रों को न्याय नहीं मिलता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। परिषद ने स्पष्ट किया कि यदि आवश्यक हुआ तो वे बड़े स्तर पर जनआंदोलन छेड़ने के लिए सड़क पर भी उतरेंगे।
ABVP ने कहा कि वह केवल एक संगठन नहीं, बल्कि छात्रों की सुरक्षा कवच है, और छात्रहित पर किसी भी प्रकार के कथित हमले के खिलाफ हमेशा मजबूती से खड़ी रहेगी।



