मध्य प्रदेश

नेशनल घी फैक्ट्री पर छापा : 19 लाख रुपए का मिलावटी घी और क्रीम जब्त; कुरकुरे की फैक्ट्री पर भी कार्रवाई, यहां से 3.72 लाख का सामान जब्त

रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। खाद्य विभाग, पुलिस और प्रशासन ने मंडीदीप की दो फैक्ट्री पर छापामार कार्रवाई की है। एक फैक्ट्री से 19 लाख 59 हजार 910 रुपए का मिलावटी घी जब्त किया गया है, तो दूसरी कुरकुरे बनाने वाली फैक्ट्री से 3 लाख 72 कुरकुरे का सामान भी जब्त किया गया है। यह कार्रवाई सुबह 11 बजे से शुरु हुई, जो दिन भर चलती रही। तीन साल पहले भी नेशनल घी फैक्ट्री पर कार्रवाई कर संचालक राजेश गुप्ता के खिलाफ रासुका की कार्रवाई हो चुकी है । इतनी बड़ी कार्रवाई होने के बाद वह फिर से मिलावटी घी बनाने का काम करने लगा।
कलेक्टर अरविंद दुबे के निर्देश पर एसडीएम आदित्य शर्मा, खाद्य सहायक निरीक्षक बीपी शर्मा, जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी सुषमा पथरोल, निरीक्षक कल्पना अर्सिया और सतलापुर थाना प्रभारी विनोद परमार नेशनल घी फैक्ट्री की जांच करने के लिए पहुंचे। यहां पर 4729 लीटर घी और 400 किलो क्रीम मिला है। उक्त घी में मिलावट होने की बात सामने आई है। 18 लाख 44 हजार 310 रुपए का घी और 1 लाख 15 हजार 600 रुपए क्रीम की कीमत अधिकारियों द्वारा मानी गई है। इस मामले में नेशनल घी के मालिक राजेश गुप्ता पर फूड सेफ्टी अधिनियम में प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की है।
कुरकुरे फैक्ट्री से पौने चार लाख रुपए का सामान जब्त…..
अधिकारियों ने मंडीदीप की रायल फूड्स पर भी कार्रवाई की है। यहां से भी 3 लाख 72 हजार रुपए के कुरकुरे के बैग व अन्य सामान की जब्ती बनाई गई है।

Related Articles

Back to top button