क्राइम

आबकारी सिहोरा की नशे के कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाही

रिपोर्टर : मनीष श्रीवास
सिहोरा । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के द्वारा नशे के कारोबारियों पर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश के तारतम्य में कलेक्टर जबलपुर के निर्देशन में एवं सहायक आबकारी आयुक्त जबलपुर के मार्गदर्शन में वृत्त सिहोरा में पदस्थ आबकारी उप निरीक्षक जिनेन्द्र कुमार जैन के नेतृत्व में अभियान चलाया गया।
इसी क्रम में विगत दिवस 20 दिसम्बर 2022 को प्रातः सूचना प्राप्त हुई कि बचैया से पोंडी की ओर एक काले रंग की हीरो डीलक्स मोटरसाइकिल वाहन क्रमांक MP 20 NP 1875 से अवैध रूप से मदिरा का परिवहन किया जा रहा है । यदि समय रहते कार्यवाही की जाय तो मदिरा एवं वाहन बरामद किया जा सकता है। तत्काल विशेष टीम बनाकर मौके हेतु रवाना हुए।
गवाहों के समक्ष नयागांव तिराहा पर नाकेबंदी की गई। कुछ समय बाद उपरोक्तानुसार वाहन आता दिखा जिसे रोकने का प्रयास किया गया परंतु आरोपी ने वाहन को रोशरी मार्ग पर मोड़ दिया और भागने का प्रयास किया। स्टाफ की तत्परता से लगभग एक किलोमीटर आगे नयागांव तिराहा रोशरी मार्ग पर आरोपी को पकड़ लिया गया।
आरोपी शिवानन्द गोटिया पिता राम चरण गोटिया, उम्र 32 वर्ष, जाति कोल, निवासी खितौला ( पड़वार ) थाना मझौली के कब्जे से मोटरसाइकिल के पीछे दोनों ओर लटके विमल पान मसाला लिखे थैलो में रखे 298 पाव देशी मदिरा मसाला कुल मात्रा 53.64 बल्क लीटर मदिरा बरामद हुई। आरोपी द्वारा उक्त मदिरा का धारण एवं परिवहन मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915, संशोधन 2000 की धारा 34(1) क, 34(2) का दंडनीय गैर जमानती अपराध होने से गिरफ्तार कर प्रकरण को विवेचना में लिया गया।
आरोपी को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सिहोरा के समक्ष पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा मे जेल भेज दिया गया। बरामद मदिरा एवं वाहन की अनुमानित कीमत लगभग 74000 रुपये है।
कार्रवाई के दौरान वृत्त सिहोरा के प्रभारी अधिकारी जिनेन्द्र कुमार जैन, आबकारी उपनिरीक्षक, नेकलाल बागरी, आबकारी मुख्य आरक्षक, सतीश कुमार खम्परिया, फूल सिंह एटिया, संतलाल मरावी, अशोक सिंह बघेल एवं अमिता केसरवानी आबकारी आरक्षक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button