सिविल अस्पताल की समीक्षा बैठक सीबीएमओ डॉ. आरएस पटेल की अध्यक्षता में संपन्न

सिलवानी। जनपद सभा कक्ष में सिविल अस्पताल सिलवानी की समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी (सीबीएमओ) डॉ. आरएस पटेल ने की। इस अवसर पर जिला कार्यक्रम प्रबंधक महेश साहू एवं जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन अधिकारी मनीष श्रीवास्तव विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में ब्लॉक स्तर से बीईई विक्रम खत्री, बीपीएम जयदीप साहू, बीसीएम इंदर कुशवाह, मलेरिया इंस्पेक्टर हरीनारायण इक्के, एसटीएस ब्रजमोहन गुर्जर सहित समस्त सेक्टर सुपरवाइजर, सीएचओ, एएनएम, एमपीडब्ल्यू एवं आशा पर्यवेक्षक उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी, क्षय नियंत्रण, मलेरिया आदि सभी राष्ट्रीय कार्यक्रमों की सेक्टरवार, उप स्वास्थ्य केंद्रवार एवं ग्रामवार समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सीबीएमओ एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक द्वारा निम्न प्रगति वाले उप स्वास्थ्य केंद्रों के स्टाफ को एक सप्ताह में लक्ष्यानुरूप प्रगति प्राप्त करने के निर्देश दिए गए।
साथ ही स्वास्थ्य एवं पोषण मिशन के अंतर्गत कुपोषण मुक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु ग्राम स्तर पर चिन्हित कुपोषित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कर उपचार एवं प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त बैठक में शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव को बढ़ावा देने तथा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक का समापन सामूहिक चर्चा एवं आगामी कार्य योजनाओं की समीक्षा के साथ किया गया।



