समय निकलने के बाद भी सीवर लाइन का कार्य पूर्ण नहीं

रिपोर्टर : कमलेश अवधिया
साईखेड़ा । नगर परिषद साईखेड़ा में मप्र अर्बन कंपनी डेवलपमेंट कंपनी लिमिटेड नल जल योजना का कार्य गुजरात की एक कंपनी द्वारा लगभग 33.73 करोड़ का कार्य लिया गया था। सार्वजनिक स्थान पर लगे बोर्ड के अनुसार कार्य का प्रारम्भ 5-8-20 को प्रारम्भहोकर 2-12-23 में समाप्त हो जाना था लेकिन 5 वर्ष व्यतीत होने के बाद नगर में आधा अधूरा पड़ा है। करोड़ों की लागत से बनने वाली नर्मदा नल जल योजना एवं सीवरेज लाइन से लोगों को दिक्कत होने लगी है क्योंकि नर्मदा लाइन जहां-जहां डली है वहां कुछ वार्डों में लीकेज हो रही है जिससे नलीं में गंदा पानी भी जा सकता है एवं रोड में गड्ढे हो रहे हैं जिससे दुर्घटना की आंशका बनी रहती है। नगर का व्यस्ततम तिराहा रमपुरा रोड जहां सीएम राइज स्कूल भी है वहां छात्र-छात्राओं का आना-जाना लगा रहता है। कई दिनों से यहां पर लाइन टूटने से कीचड़ रहता है एवं रोड पर गड्ढे हो गए हैं। इसी तरह नगर की कई जगह सड़क टूटी हुई है। स्टेट हाईवे 44 पर अखाड़े वाले बजरंगबली के सामने भी लाइन का काम बहुत दिनों से चलता रहा जिससे यातायात अवरुद्ध रहा। नगर के वार्ड क्रमांक 4 रानी लक्ष्मीबाई दादाजी धूनी बाले गेट के आगे भी कई दिनों से लाइन फूटी हुई है। जिस कारण रोड में गड्ढे हो गए हैं और इन गड्ढ़ों में वाहन चालक भी गिर जाते हैं। सोमवार के दिन कारीब 12 बजे एक व्यक्ति बाइक से आ रहा था तभी अचानक गड्ढे में आने के कारण गाड़ी अनियंत्रण होकर गिर गई गनीमत रही कि उसको एक व्यक्ति ने संभाल लिया नहीं तो चोट लग सकती थी।
वार्ड वालों ने बताया कि हमने इसकी शिकायत बार्ड पार्षद से कई बार की परंतु आश्वासन मिलने के बाद भी हमारी समस्या हल नहीं हुई। विदित हो कि अभी हाल ही में गंदा पेयजल पीने से इंदौर में एक त्रासदी हो चुकी है। नपा प्रशासन की नगर के नलों में गंदा पानी ना जाकर घरों में स्वच्छ एवं साफ पानी की व्यवस्था प्राथमिकता से कराएं।
इस संबंध में जय प्रकाश रजक, मुख्य नगरपालिका अधिकारी साईखेड़ा का कहना है कि नल जल योजना का कार्य मप्र अर्बन डेवलप मेंट कंपनी लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है जिसकी जगह-जगह टेस्टिंग की जा रही है। उसके बाद जहां भी पानी का लीकेज पाया जाएगा उसको कंपनी के द्वारा ठीक किया कराया जाएगा।



