मध्य प्रदेश

राज्य स्तरीय गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी में शिवानी प्रदेश में रही द्वितीय

शासकीय स्कूल अहमदपुर की छात्रा शिवानी ने किया क्षेत्र का नाम रोशन
रिपोर्टर : मधुर राय
बरेली। तहसील मुख्यालय बरेली से लगभग 15 किलोमीटर दूर स्थित छोटे से ग्राम अहमदपुर की शिवानी रघुवंशी पुत्री सुरेंद्र रघुवंशी ने राज्य शिक्षा संस्थान द्वारा आयोजित गणित, पर्यावरण एवं सामाजिक विज्ञान प्रदर्शनी जो कि संकुल स्तर से प्रारंभ होकर ब्लॉक, जिला एवं जॉन अर्थात संभाग स्तरीय प्रतिस्पर्धा में भाग लेते हुए संभाग स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया था। कक्षा 6 की छात्रा शिवानी का चयन प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी के लिए हुआ जो कि 11-12 सितंबर को जबलपुर में आयोजित हुई। इसके साथ ही राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में भी शिवानी का मॉडल ग्राम प्रशासन द्वितीय स्थान पर रहा। मॉडल में शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ किस तरह से ग्राम के प्रत्येक व्यक्ति को मिल रहा है इसको बखूबी प्रदर्शित किया गया था। जैसे नलजल योजना, सामुदायिक भवन, आवास योजना, प्रधानमंत्री सड़क, आंगनबाड़ी एवं स्वच्छता मिशन आदि का संदेश मॉडल के माध्यम से दिखाया गया था। राज्य स्तरीय प्रदर्शनी का अवलोकन जबलपुर सांसद आशीष दुबे, जगत बहादुर सिंह महापोर जबलपुर, विवेक तन्खा, सुमित्रा बाल्मिक, दोनों राजसभा सांसद, विधायक सुशील इंदु तिवारी, डॉक्टर अभिलाष पांडे, संतोष बरकड़े, अशोक रोहानी, लखन घनघोरिया और नीरज सिंह जैसे विधायकों ने किया और दर्शकों तथा अतिथियों द्वारा शिवानी के मॉडल की भूरि भूरि प्रशंसा की गई। शिवानी एवं अहमदपुर ग्राम के छोटे से स्कूल की सफलता पर लोगों ने बधाई शुभकामनाएं दी। जबलपुर से द्वितीय पुरस्कार लेकर लौटी शिवानी को ग्रामवासियों ने ढोल नगाड़ों के साथ ग्राम में जुलूस निकालकर बधाइयां दी। शिवानी को मॉडल बनाने का मार्गदर्शन स्कूल के शिक्षक राजू शिल्पी द्वारा दिया गया,स्कूल की प्रभारी प्रधान अध्यापिका स्वस्तिका तिवारी और बृजेंद्र धाकड़, मुन्नालाल अहिरवार, सतीश बमोरिया आदि शिक्षकों ने शिवानी को बधाई शुभकामनाएं दी। वहीं ग्राम पंचायत की सरपंच मनोरमा घनश्याम सिंह रघुवंशी ने शिवानी को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर सरपंच मनोरमा घनश्याम रघुवंशी ने कहा कि गांव में जो भी लड़कियां अच्छी पढ़ाई करेंगी और गांव का नाम शिवानी की तरह रोशन करेंगी उन्हें हर संभव सहयोग दिया जाएगा। शिवानी की सफलता पर पूरा अहमदपुर ग्राम आज हर्ष उल्लास में डूबा हुआ है, गांव में दीपावली जैसा वातावरण निर्मित है, ग्रामीणों में खुशी है कि छोटे से ग्राम की छोटी सी और निर्धन परिवार की बेटी ने प्रदेश स्तर पर जो परचम लहराया है उसकी सर्वत्र सराहना हो रही है।

Related Articles

Back to top button