शिवी उपाध्याय को बनाया नपा सीएमओ, नगरीय प्रशासन के संयुक्त संचालक ने जारी किया आदेश

शहरी विकास अभिकरण का प्रभार भी रहेगा
रिपोर्टर : मनीष यादव
टीकमगढ़ । टीकमगढ़ नगर पालिका में शिवी उपाध्याय को सीएमओ का प्रभार सौंपा गया है। नगरीय प्रशासन सागर के संयुक्त संचालक ने बुधवार को इस संबंध में आदेश जारी किया है। वर्तमान में शिवी उपाध्याय शहरी विकास अभिकरण अधिकारी के पद पर हैं। उन्हें नपा सीएमओ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
दरअसल, मंगलवार को नगरीय प्रशासन आयुक्त भरत यादव ने नपा सीएमओ गीता मांझी को सस्पेंड कर दिया था। उन पर वित्तीय अनियमितताओं और काम में लापरवाही के आरोप लगाए गए हैं। गीता मांझी के खिलाफ नपा के भाजपा और कांग्रेस के 26 पार्षदों ने कलेक्टर को पत्र सौंपा था। उन्होंने सीएमओ को हटाए जाने की मांग की थी।
कार्रवाई नहीं होने पर नगर पालिका में तालाबंदी करने और धरना प्रदर्शन की चेतावनी की थी। भाजपा और कांग्रेस के पार्षदों के विरोध के चलते एक दिन पहले नगरीय प्रशासन आयुक्त ने सीएमओ को सस्पेंड करने के संबंध में आदेश जारी किया था।
इसके अलावा पूर्व सीएमओ गीता मांझी पर विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं। बीते दिन नगरीय प्रशासन सागर के संयुक्त संचालक ने शिवी उपाध्याय को नगर पालिका टीकमगढ़ का सीएमओ नियुक्त करने के संबंध में आदेश जारी किया है। शिवी उपाध्याय इसके पहले नगर परिषद लिधौरा की सीएमओ रह चुकी हैं। वर्तमान में वे जिला शहरी विकास अभिकरण अधिकारी के तौर पर पदस्थ हैं।