कल ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन

सिलवानी। वीर शिवाजी शिक्षण समिति द्वारा संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, सिलवानी में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 25 सितंबर 2026 को सुबह 11 बजे सामूहिक गायन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विद्यालय के भैया-बहिन, आचार्य-दीदी, अभिभावक, पूर्व विद्यार्थी, समिति से जुड़े सदस्य एवं नगर के नागरिक सहभागिता करेंगे। सभी सहभागी एक स्वर और एक लय में ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन करेंगे।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं समाज में राष्ट्रभाव, मातृभूमि के प्रति संवेदना, राष्ट्रीय एकता तथा स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। आयोजन को लेकर विद्यालय में तैयारियां की जा रही हैं। कार्यक्रम राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित राष्ट्रव्यापी आयोजन की कड़ी में किया जा रहा है।



