मध्य प्रदेश

झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड पर पुलिस की सख्त वाहन चेकिंग, नियम तोड़ने वालों को दी समझाइश

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस ने झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड में वाहन चेकिंग अभियान चलाया। थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने हमराह पुलिस स्टाफ के साथ नगर के प्रमुख स्थानों पर सघन वाहन जांच कर लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया।
अभियान के तहत नगर के व्यस्ततम क्षेत्र झंडा चौक और न्यू बस स्टैंड पर पुलिस ने वाहनों की जांच की। इस दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर चालकों के दस्तावेजों की जांच की गई तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों को रोककर समझाइश दी गई। विशेष रूप से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों और दोपहिया वाहनों पर तीन सवारी बैठाकर चलने वालों को चेतावनी देते हुए भविष्य में ऐसा न करने की हिदायत दी गई।
थाना प्रभारी महेंद्र जायसवाल ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना न केवल कानूनन अपराध है, बल्कि इससे सड़क दुर्घटनाओं की संभावना भी कई गुना बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि थोड़ी सी लापरवाही कई बार गंभीर हादसों का कारण बन जाती है, इसलिए सभी वाहन चालकों को जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाना चाहिए ।
उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से अपील करते हुए कहा कि वे हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें और वाहन पर तीन सवारी बैठाकर न चलें । साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की भी सलाह दी ।
पुलिस ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित और जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं तथा नियमों का पालन करें, ताकि स्वयं के साथ-साथ दूसरों की जान भी सुरक्षित रह सके ।
थाना प्रभारी महेंद्र जयसवाल ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेंगा ।

Related Articles

Back to top button