स्कूल में घटिया हैंडवाश यूनिट कुछ ही दिनों में उखडने लगे
सिलवानी। विकासखंड में विद्यालयों और आंगनवाड़ियों में पीएचई विभाग के द्वारा घटिया हैंडवॉश यूनिट बनाई गई है। निर्माण के वक्त यहां पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जिम्मेदार लोग मौजूद नहीं रहे। साइट इंजीनियर और एसडीओ ने इन कामों में कोई रुचि नहीं ली। ग्रामीणों ने भी यही कहा कि जब गांव में स्कूलों और आंगनवाड़ियों में अध्यनरत बच्चों को हाथ धोने के लिए हैंड वाश यूनिट बनाई जा रही थी तब जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं थे। हजारों की लागत से बनने वाले इन हैंडवाश यूनिट को लापरवाही पूर्वक बनाई गई है।
विकासखंड केे ग्राम तुलसीपार में आंगनवाड़ी के पास बनी हैंड वाश यूनिट बनते ही उखड़ने लगी है। ग्रामीणों ने कहा कि यहां पर काम लापरवाही पूर्वक किया गया है।
आंगनवाड़ियों और स्कूलों में शो-पीस प्याऊ, नहीं हो रहा उपयोग
तहसील की सभी आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में प्याऊ व हैंड वॉशिंग बनाए जा रहे है। जिसको बने दो महीने से ज्यादा हो गए। वहीं कुछ आंगनबाड़ी, स्कूलों में आधे-अधूरे पडे़ हुए है। महीनों बीत जाने के बाद भी इसे पूरी तरह चालू नहीं किया गया और आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में प्याऊ शो-पीस बने हुए है। जिसका कोई भी उपयोग नहीं हो पा रहा है। स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के बच्चों के लिए आसपास के नल से पानी लाकर बच्चों को पानी दिया जा रहा है। कई आंगनवाड़ी केंद्रों के पास में नल न होने की स्थिति में दूर से पानी लाने सहायिकाओं को परेशान होना पडता हैं। प्याऊ का काम पूरा करा दिया जाए तो बच्चों को सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।




