प्राचार्य के तुगलकी आदेशों से शिक्षक व छात्र छात्राएं परेशान

ब्यूरो चीफ : शब्बीर अहमद
बेगमगंज । अपने अजीबो गरीब आदेशों से शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को परेशान करने वाले सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य एक बार फिर सुर्खियों में है। जहां वे शासन की स्कूटी योजना को लेकर संबंधित विद्यार्थियों से तीन तीन कोटेशन मंगवा रहे हैं वही कक्षा 9 व 11 की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए शिक्षकों को कार्य मुक्त करने का लेटर भी जारी करके बोर्ड परीक्षाओं के विद्यार्थियों की पढ़ाई को प्रभावित करने का कार्य कर रहे हैं।
तहसील की अन्य हायर सेकेंडरी स्कूलों में स्कूटी प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों से मात्र एक एक कोटेशन लिया गया है। मुख्यमंत्री की मंशा के अनुसार विद्यार्थी अपनी पसंद की स्कूटी खरीद सकता है शासन उसे एक लाख बीस हजार रुपए इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी खरीदने पर देगा। विद्यार्थी चाहे तो इससे अधिक की भी खरीद सकता है बाकी के पैसे उसे अपने पास से मिलना पड़ेंगे। लेकिन सीएम राइज स्कूल के प्राचार्य बृजेश चौहान मुख्यमंत्री की मंशा पर पानी फेरते हुए विद्यार्थियों से तीन-तीन कोटेशन मंगा रहे हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी के समझाइश के बावजूद भी वे अपनी मनमानी पर उतारू है।
वहीं दूसरी ओर जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी निर्देश के अनुसार कक्षा 9 व 11 की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य के लिए पत्र के पैरा 6 में दिए हुए निर्देश के अनुसार उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल मूल्यांकन अधिकारी के पास जमा करके उनकी स्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का बंडल प्राप्त करने के लिए कहा गया है। ताकि अपने केंद्र पर बैठकर उसका मूल्यांकन किया जा सके। वहीं पैरा 7 में स्पष्ट किया गया है कि कक्षा 10 और 12 के कमजोर विद्यार्थियों का रिवीजन अभ्यास जरूर कराया जाए। लेकिन सीएम राइज के प्राचार्य बृजेश चौहान इसे नजरअंदाज करते हुए संबंधित 6 हाई स्कूलों को लेटर जारी किया है कि मूल्यांकन कार्य के लिए शिक्षकों को कार्य मुक्त किया जाए।
अब सवाल यह पैदा होता है कि जब शिक्षक कार्य मुक्त होकर मूल्यांकन कार्य करेंगे तो कक्षा 10 और 12 के कमजोर विद्यार्थियों को रिवीजन अभ्यास कैसे करा पाएंगे।
प्रचार्य के इन तुगलकी आदेशों से शिक्षकों के साथ-साथ विद्यार्थी भी परेशान हो रहे हैं। ब्लॉक शिक्षा अधिकारी और जिला शिक्षा अधिकारी के आदेशों को धता बताते हुए मुख्यमंत्री की मंशा पर पानी फेरने से भी नहीं चूक रहे हैं।



