ठेकेदार ने हड़पी मजदूरों की भविष्य निधि, मामला दर्ज होते ही आरोपी हुआ फरार

रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । स्लीमनाबाद पुलिस ने मजदूरों की भविष्य निधि हड़पने वाले ठेकेदार के खिलाफ अमानत में खयानत का मामला दर्ज किया है। आरोपी ठेकेदार की तलाश पुलिस ने शुरु कर दी है। लेकिन अब तक उसके संबंध में पुलिस को कोई सुराग नहीं मिला है।
स्लीमनाबाद थाने के टीआई संजय दुबे ने बताया कि जबलपुर के आधारताल थाना क्षेत्र के मानसरोवर कॉलोनी निवासी एमजी एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के प्लांट के मैनेजर शुभलाष तिवारी ने शिकायत में बताया कि कैमोर में किराए के कमरे में रहने वाला राजेश कुमार उपाध्याय मजदूरों का ठेकेदार है। मूलरुप से वह जबलपुर का निवासी है। राजेश कुमार उपाध्याय ने 16 मजूदरों की भविष्य निधि करीब डेढ़ लाख रुपए जमा नहीं की। मजदूरों की भविष्य निधि उसने हड़प ली है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर राजेश कुमार उपाध्याय के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।



