हर बच्चा पढ़ेगा आगे बढ़ेगा, स्कूल चलें हम अभियान-2025 अंतर्गत प्रवेशोत्सव का शुभारंभ
सिलवानी । नवीन सत्र के प्रारंभ पर मंगलवार को सीएम राइज हायर सेकंडरी स्कूल सिलवानी में प्रवेश उत्सव मनाया गया। इस दौरान बच्चों को तिलक कर व माला पहनाकर स्कूल में प्रवेश कराया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक, शिक्षा विभाग बीईओ रानी अहिरवार उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत में सर्व प्रथम विधा देवी मां सरस्वती के चित्र पर मुख्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर माल्यार्पण किया गया।
इसके पश्चात उपस्थित मुख्य अतिथियों का उपस्थित अतिथियों सीएम राइज के शिक्षकों द्वारा पुष्पमाला स्वागत किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू ने कहा कि आज हमारे प्रदेश मुख्यमंत्री के द्वारा एक महत्वपूर्ण घोषणा की गई है जिसमें सीएम राइज स्कूलों को अब संदीपनि विद्यालय के नाम से जाने जाएंगे। मुख्यमंत्री द्वारा लिए गए इस महत्वपूर्ण निर्णय का मैं हृदय से स्वागत करता हूं। महर्षि संदीपनि जिनकी गुरुकुल परंपरा में स्वयं भगवान श्रीकृष्ण ने शिक्षा प्राप्त की, उनके नाम से विद्यालयों को संबोधित करना हम सभी के लिए गौरव की बात है।
यह निर्णय न केवल हमारी प्राचीन शिक्षा पद्धति और संस्कृति को सम्मान देने का कार्य करेगा, बल्कि विद्यार्थियों को ज्ञान, संस्कार और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित भी करेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते नगर परिषद अध्यक्ष रेशु विभोर नायक ने बच्चों को बताया कि हमारी सरकार आपकी पढ़ाई के लिए प्रयास करती है और शिक्षक बच्चों को उच्च शिक्षा देने का प्रयास करते हैं। इसके पहले आपके सीनियर छात्रों ने पढ़ाई पर खूब मेहनत की और विद्यालय का नाम रोशन किया। जिसमें छात्र व छात्रा का मुख्यमंत्री की योजना तहत स्कूटी एवं अन्य लाभ मिले हैं। ऐसे ही तरह आप सब को भी मेहनत करना है एवं माता पिता के साथ शिक्षकों व विद्यालय का नाम रोशन करना।



