विदाई से पहले 15 लाख रुपये के गहने लेकर गायब हुई दुल्हन, राहतगढ़ चौराहे पर प्रेमी के साथ मिली

रायसेन । विदाई से पहले अचानक गायब हुई दुल्हन, परिजन ने तलाश शुरू की तो पता चला कथित प्रेमी के साथ भागी है दुल्हन, चौराहे पर प्रेमी के साथ मिलने पर थाने लेकर पहुंचे लड़के वाले।मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बेगमगंज में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक दुल्हन शादी के मंडप से कथित प्रेमी के साथ भाग गई। दुल्हन अपने साथ 15 लाख के गहने और नकदी भी ले गई थी। परिजनों व लड़के पक्ष ने तलाश शुरू की तो कुछ देर बाद दुल्हन और उसका प्रेमी एक चौराहे पर पकड़े गए। इसके बाद मामला थाने पहुंचा और आपसी सहमति से स्टांप पर समझौता करके वैवाहिक संबंध खत्म किए गए और मामला शांत हुआ।विदाई से पहले जेवर-गहने लेकर भागी दुल्हनविदिशा जिले पठारी की रहने वाली युवती की शादी बेगमगंज के रहने वाले युवक से तय हुई थी। तय बातचीत के अनुसार लड़की पक्ष शादी करने के लिए बेगमगंज आया था। शुक्रवार रात को बेगमगंज के मैरिज गार्डन में शादी समारोह हुआ। वरमाला हुई और मंडप में दूल्हा-दुल्हन ने सात फेरे लिए, लेकिन विदाई से ठीक पहले दुल्हन अचानक गायब हो गई। परिजनों ने तलाश की तो पाया कि दुल्हन 15 लाख के गहने और नकदी भी लेकर अपने कथित प्रेमी के साथ भाग गई है।*राहतगढ़ तिराहे पर प्रेमी के साथ मिली दुल्हन*शादी के मंडप से विदाई के पहले भागने से शादी समारोह में हड़कंप मच गया। वर और वधु दोनों ही पक्ष के लोग शहर में दुल्हन को ढूंढने में जुट गए। इसी दौरान कुछ देर बाद शहर के राहतगढ़ तिराहे पर दुल्हन अपने कथित प्रेमी के साथ खड़ी नजर आई। जिन्हें पकड़कर थाने लाया गया, दुल्हन के पकड़े जाने की खबर लगते ही परिजन भी थाने पहुंचे, जहां पहले तो परिजनों ने दुल्हन को समझाने की कोशिश की लेकिन वो नहीं मानी। इतना ही नहीं दुल्हन ने जेवरात और नकदी देने से भी मना कर दिया। कुछ देर समझाने के बाद दुल्हन गहने देने के लिए राजी हुई।थाने में आपसी सहमति से हुआ समझौतादुल्हन के राजी होने के बाद दुल्हन पक्ष ने जेवरात व कपड़े आदि वर पक्ष को वापस किए और थाने में ही आपसी सहमति से दोनों पक्षों ने स्टांप पर लिखित समझौता किया। इस समझौते के तहत आपसी सहमति से वैवाहिक संबंध खत्म किए गए और इसके बाद दुल्हन पक्ष दुल्हन को लेकर अपने साथ विदिशा के लिए रवाना हो गया। एक ही रात में शादी टूटने की ये घटना शहर में चर्चाओं का विषय बनी हुई है। दोनों पक्षों के बीच समझौता हो जाने के कारण पुलिस में किसी प्रकार का मामला दर्ज नहीं कराया गया है।



