नाली के भीतर डाली जा रही पेयजल पाइप लाइन, जिम्मेदार विभाग मौन

रिपोर्टर : रीना विनोद मालवीय
गैरतगंज। नगर में चल रहे नाली निर्माण कार्य में एक और गंभीर लापरवाही सामने आई है। यहां नाली के अंदर से ही पीने के पानी की पाइप लाइन निकाली जा रही है, जो नियमों और स्वास्थ्य मानकों दोनों के खिलाफ है।
गौरतलब है कि अभी इंदौर का मामला पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है, जहां सरकार स्वयं नालियों से पेयजल पाइप लाइनों को बाहर कराने में जुटी हुई है। इसके बावजूद गैरतगंज में नई बनाई जा रही नाली के भीतर ही पानी की पाइप लाइन डाली जा रही है, जो अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर बड़ा सवाल खड़ा करती है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नाली के भीतर पाइप लाइन डालना सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है। गंदे पानी के संपर्क में आने से पेयजल दूषित होने की आशंका बनी रहती है, जिससे भविष्य में गंभीर बीमारियां फैल सकती हैं।
सबसे हैरानी की बात यह है कि इस पूरे मामले में संबंधित जिम्मेदार विभागों का कोई ध्यान नहीं है। न तो निर्माण कार्य रोका जा रहा है और न ही नियमों का पालन कराया जा रहा है। सवाल यह उठता है कि क्या किसी बड़े हादसे या बीमारी के फैलने के बाद ही जिम्मेदार जागेंगे?
नगरवासियों ने मांग की है कि नाली निर्माण कार्य की तुरंत जांच कराई जाए, नाली के अंदर से डाली जा रही पाइप लाइन को बाहर कराया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और निर्माण एजेंसी पर सख्त कार्रवाई की जाए।



