मध्य प्रदेश

स्वास्थ्य राज्यमंत्री के काफिला का वाहन डंपर से टकराया


गाड़ी के आगे का हिस्सा टूटा; शादी से लौटकर आते समय हादसा, मंत्री का काफिला घटनास्थल पर करीब डेढ़ घंटे तक रुका रहा
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
साईंखेड़ा, उदयपुरा । प्रदेश के स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल के काफिले का वाहन डंपर से टकरा गया। उसका आगे का हिस्सा टूट गया। उसमें सवार लोगों को चोट आई हैं। घटना के बाद मंत्री ने उतरकर हालात का जायजा लिया। मंत्री शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
घटना गुरुवार-शुक्रवार की रात को हुई। मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल गाडरवारा से एक विवाह समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे। जिले के साईखेड़ा के पास तुमडा तिराहे पर एक ढाबे के पास रेत से भरा डंपर रुका हुआ था।
डंपर चालक ने अचानक उसे सड़क पर मोड़ दिया, जिससे पीछे आ रहा मंत्री के काफिले का फॉलो वाहन उससे टकरा गया। टक्कर में फॉलो वाहन में सवार कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं और वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।
राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने बताया कि डंपर चालक ने गलत तरीके से वाहन को सड़क पर मोड़ा था, जिसके कारण काफिले में शामिल पुलिस का फॉलो वाहन उससे टकरा गया। घटना के बाद काफिला रुक गया और मंत्री पटेल स्वयं नीचे उतरकर स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने फॉलो वाहन में सवार पुलिसकर्मियों का हालचाल भी जाना। मंत्री घटनास्थल पर करीब डेढ़ घंटे तक रुके रहे। उन्होंने तत्काल थाने को सूचना दी और डंपर को पुलिस के हवाले करवाया।
मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने इस घटना के बारे में कलेक्टर को भी अवगत कराया। उन्होंने सड़क पर डंपरों को रोकने वाले ठेकेदार के कर्मचारियों के खिलाफ भी जिला प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
घटना के बाद मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई थी ग्रामीणों ने मंत्री को बताएं कि डंपर दिन-रात तेज गति से दौड़ते हैं। इस पर मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने संज्ञान लेते हुए ग्रामीणों की समस्या पर कलेक्टर को अवगत कराया।

Related Articles

Back to top button