अवैध सागौन परिवहन करते दो आरोपी गिरफ्तार, 25000 रुपए की वनोंपज जब्त

सिलवानी। वन मण्डल अधिकारी सामान्य रायसेन प्रतिभा शुक्ला के निर्देशन एवं उप वनमण्डलाधिकारी सिलवानी इन्दर सिंह वारे के मार्गदर्शन में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। वन परिक्षेत्र अधिकारी पश्चिम सिलवानी महेन्द्र कुमार पालेचा के नेतृत्व में वन अमले ने मुखबिर की सूचना पर रात्रि गश्त के दौरान ग्राम कोटा मार्ग पर एक संदिग्ध मारुति 800 कार को पकड़ा।
जानकारी के अनुसार, रात्रि करीब 9 बजे जंगल के रास्ते से आती एक मारुति 800 एमपी 04 एचए 2702 को जब वन अमले ने रोकने का इशारा किया, तो वाहन चालक तेज गति से भागने का प्रयास करने लगा। टीम द्वारा पीछा कर वाहन को कुछ दूरी पर रोका गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 7 नग गीले सागौन के लकड़ी पाए गए, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत 25,000 रुपए आंकी गई है।
मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया गया है, जिन्होंने अपने नाम दिनेश पुत्र हरिकेश (24 वर्ष) एवं अनिकेत पुत्र जगराम (18 वर्ष) दोनों निवासी खमरिया मानपुर बताए। आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण क्र. 47373/09, दिनांक 15.08.2025 को पंजीबद्ध कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जा रही है।
इस कार्रवाई में परिक्षेत्र सहायक कमलेश तिवारी, वनरक्षक अमित धुर्वे, हरनारायण सिंह, परषोत्तम रजक, श्याम सिंह रघुवंशी, मनोज साहू, रमाकांत रघुवंशी, भूपेन्द्र लोधी, वीरेन्द्र त्रिपाठी, संकुल मौर्य एवं वाहन चालकों धर्मेन्द्र लोधी, नरेश एवं रामप्रसाद का मौजूद रहे।



