फिर लापरवाही हुई उजागर : जिला पुस्तकालय में अधिकारी ने नहीं किया झंडावंदन
रहवासियों ने की कलेक्टर डीईओ से तिरंगे के अपमान की शिकायत, जिम्मेदारों पर की जाए दंडात्मक कार्रवाई
रिपोर्टर : शिवलाल यादव
रायसेन। राष्ट्रीय पर्व गणतंत्र दिवस की 73 वीं वर्षगांठ के पावन अवसर पर एक बार फिर बुधवार को जिला पुस्तकालय भवन पर लाइब्रेरियन वर्षा कटारिया द्वारा झंडावंदन नहीं किया गया है। इस तरह इनके द्वारा यह लापरवाही कोई पहली मर्तबा सामने नहीं हुई है। इसके पहले भी 15 अगस्त, 26 जनवरी पर राष्ट्रीय त्यौहारों पर जिला पुस्तकालय प्रभारी कटारिया द्वारा झंडावंदन नहीं किए जाने के लापरवाही के मामले उजागर हो चुके हैं। रहवासियों ने इनकी उदासीनता मनमानी की शिकायत कलेक्टर अरविंद दुबे, डीईओ एमएल राठौरिया, डिप्टी कलेक्टर मकसूद अहमद खान को कर राष्ट्रीय तिरंगे की अवमानना के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की मांग की है। इतना ही नहीं जब मीडिया कर्मियों ने लाइब्रेरियन मैडम से प्रतिक्रिया ली तो उनका साफ कहना है कि जरूरी नहीं है ध्वजारोहण क्योंकि समीप ही वनविभाग रायसेन में झंडावंदन होता है। मानव सेवा सद्भावना समिति के अध्यक्ष निरंजन सिंह पप्पू कुशवाहा, बाबूलाल चक्रवर्ती, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विकास शर्मा, रूपेश तन्तवार, एनएसयूआई अध्यक्ष हर्षवर्धन सोलंकी ने कलेक्टर अरविंद कुमार दुबे, डीईओ एमएल राठौरिया से राष्ट्रीय तिरंगे के अपमान के तहत दण्डात्मक कार्यवाही की मांग की है।
इस संबंध में अरविंद दुबे कलेक्टर रायसेन का कहना है कि यह लापरवाही का मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।डीईओ से चर्चा कर जिम्मेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।



