जो खेल में नहीं जीत पाए, वे मन से नहीं हारें: रामपाल सिंह

सांसद खेल महोत्सव में शामिल हुए पूर्व मंत्री
सिलवानी। सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण अंचल की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम बन रहा है। इसी मंच से कई खिलाड़ी भविष्य में प्रदेश और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। यह बात पूर्व मंत्री ठाकुर रामपाल सिंह राजपूत ने शनिवार को शासकीय महाविद्यालय में आयोजित सांसद खेल महोत्सव मंडल स्तरीय समापन समारोह को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि खिलाड़ी अपनी प्रतिभा को ऐसे आयोजनों के माध्यम से निखारते हैं। विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उन्होंने विशेष रूप से बताया कि जो बच्चे इस बार विजेता नहीं बन पाए, वे निराश न हों और स्वयं को मन से हारा हुआ बिल्कुल न मानें। आने वाले अवसरों पर और बेहतर प्रदर्शन करने के लिए निरंतर अभ्यास करें।
समारोह के दौरान पूर्व मंत्री ने मैदान पर उपस्थित खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा विभिन्न प्रतियोगिताओं में सहभागिता भी निभाई। कार्यक्रम के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों को पुरस्कृत किया गया। उन्होंने बताया कि पूरे संसदीय क्षेत्र में सांसद खेल महोत्सव उत्साह और ऊर्जा के साथ आयोजित किया जा रहा है, जिससे बच्चों में खेल के प्रति नया जोश देखने को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि खेल न केवल हमें स्वस्थ रखते हैं, बल्कि जीवन में आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का संचार भी करते हैं।
कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष श्याम साहू, भाजपा नेता विभोर नायक, पप्पू ठाकुर, जयबाबू जैन, सलीम काजी, अजमेर यादव, संदीप शर्मा, दीपेश समैया, महोत्सव के विधानसभा प्रभारी प्रदीप कुशवाहा, पार्षद लखन मेहरा, गुड्डू भाई, बाबू ठाकुर, लखन चंदेल, मदन राय, दिनेश यादव आशीष जैन (टेंकर) धर्मेश जैन सहित महाविद्यालय के शिक्षक, बड़ी संख्या में खिलाड़ी तथा ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


