तीन वर्षीय मासूम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी

ब्यूरो भगवत सिंह लोधी
दमोह। जिले में तीन-चार वर्षीय मासूम के लापता होने के मामले ने शनिवार को दुखद मोड़ ले लिया। बच्चे की तलाश के दौरान दोपहर में उसका शव मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक तौर पर हत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के अनुसार बच्चे के गुम होने के बाद से ही पुलिस लगातार उसकी तलाश में लगी हुई थी। थाना प्रभारी अरविंद सिंह, चौकी प्रभारी रमाशंकर मिश्रा सहित पुलिस टीम रातभर सर्च ऑपरेशन चलाती रही।
दोपहर में बच्चे का शव मिलने की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक श्री कलादगी भी मौके के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस द्वारा शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की जा रही है तथा मामले की हर पहलू से जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेंगे।



