असली हीरो कलाकार नहीं माता-पिता और सैनिक : बागेश्वर धाम महाराज
खजुराहो फिल्म फेस्टिवल का रंगारंग आगाज
रिपोर्टर : शिवकुमार साहू
छतरपुर । वास्तविक हीरो वो नहीं हैं जो फिल्मी पर्दे पर दिखते हैं अपितु हमारे माता-पिता और देश की सीमा पर 24 घंटे खड़े रहकर सुरक्षा करने वाले सैनिक हैं।
उक्त उदगार के साथ छतरपुर जिले के ग्राम गढ़ा स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने गत दिवस अंतरराष्ट्रीय खजुराहो फिल्म महोत्सव के आठवें आयोजना का शुभारंभ किया । भव्य आतिशबाजी और बागेश्वर धाम के जयकारों से पूरा समारोह स्थल गुंजायमान रहा।
बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंचे अभिनेता महेंद्रसिंह बिट्टा, चंकी पांडे, सुधाचंद्रन एवं पन्ना कलेक्टर को शॉल-श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। सभी ने बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर से आशीर्वाद लिया। पहले दिन हुई रंगारंग प्रस्तुति में उप्र के कलाकारों ने आल्हा गायन तथा महाराष्ट्र के कलाकारों ने मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
फिल्म महोत्सव के आयोजक अभिनेता राजा बुंदेला ने कार्यक्रम का संचालन करते हुए महाराजश्री की उपस्थिति पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर के मंच पर आने से यह आयोजन धन्य हो गया है। इस मौके पर खजुराहो नगर परिषद अध्यक्ष अरुणकुमार अवस्थी पप्पू, सीएमओ एकता अग्रवाल, पं. सुधीर शर्मा, कपिल सोनी, आरके उपाध्याय, बागेश्वर धाम शिष्य मंडल सहित बड़ी संख्या में सिनेमा प्रेमी और नागरिक मौजूद रहे।


