किसान दंपति और पुत्र को बंधक बनाकर दो लाख की चोरी
सांची थाना क्षेत्र के ग्राम करहोद की घटना, सोमवार रात एक से दो बजे के बीच हुई वारदात
रायसेन । जिले के सांची थाना क्षेत्र के ग्राम करहोद में सोमवार- मंगलवार रात चार अज्ञात बदमाशों ने एक घर में धाबा बोल पति-पत्नी और बेटे को बंधक बनाकर घर में रखी तिजोरी से दो लाख से अधिक रुपए तथा चांदी के जेवर चोरी कर लिए। बदमाश मुंह पर मास्क लगाए थे और हाथों में दस्ताने पहने थे। कट्टा और चाकू लेकर पहुंचे बदमाशों ने घर में घुसते ही रमेश लोधी और उनकी पत्नी लक्ष्मी को हथियारों की दम पर बंधक बनाया। आवाज सुनकर अपने कमरे से बाहर निकला बेटा जगदीश बदमाशों को अपनी ओर बढ़ते देख वापस कमरे में घुसे और अंदर से कुंडी लगा ली। जबकि 20 वर्षीय बेटी मौका देखकर बाहर भाग गई। कमरे में बंद हुए जगदीश ने गांव के लोगों को फोन लगाया, यह सुनकर बदमाशों ने जल्द तिजोरी खोली और उसमें रखे दो लाख रुपए और चांदी के जेवर लेकर भाग गए। जब तक 15-20 ग्रामीण रमेश के घर पहुंचे तब तक बदमाश भाग चुके थे। जगदीश के अनुसार चोरों ने पूरी वारदात को सात से आठ मिनट में अंजाम दिया।
ग्रामीणों ने रात में घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। सुबह पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे और एसडीओपी प्रतिभा शर्मा ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से घटनाक्रम की पूरी जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ कर जांच शुरू कर दी है। फोरेंसिक एक्सपर्ट के साथ डॉग स्क्वॉड ने भी सर्चिग की है।
जानकारी के अनुसार रमेश लोधी की दस एकड़ जमीन है, जिस पर खेती करता है, साथ ही ब्याज पर रुपए देता है। रमेश के पुत्र जगदीश ने बताया कि सोमवार को दोपहर दो अंजान. लोग उसके घर आए थे। जो गांव के नहीं है। थे, उन पर शक जाता है। लक्ष्मीबाई ने बताया कि चारों बदमाश मुंह पर नकाब बांधे थे और हाथ में छोटी तलवार, बंदूक, कट्टा लिए थे।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडे ने चार लोगों ने हथियारों से लेस होकर पति-पत्नी को बंधक बनाकर दूसरे कमरे में रखी तिजोरी से रुपए और जेवर चोरी किए हैं। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की तीन टीमें चोरों की तलाश में भेजी गई हैं।



