मध्य प्रदेश

उमरियापान सिहोरा मार्ग गड्ढों में तब्दील, जिम्मेदार बेखबर

पकरिया स्थित सदभावना पेट्रोल पंप से मंगेली तक सड़क बदहाल
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान । उमरियापान सिहोरा मार्ग पर पकरिया स्थित सदभावना पेट्रोल पंप से मंगेली तक सड़क की जर्जर हालत अब आम लोगों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है । बारिश के चलते सड़क पर बने गड्ढे पानी से भर जाते हैं, जिससे उनकी वास्तविक गहराई का अंदाजा लगाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में इस मार्ग से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों के सामने हर पल दुर्घटना का खतरा मंडरा रहा है।
क्षेत्रवासियों के अनुसार मार्ग पर कई स्थानों पर डामर पूरी तरह उखड़ चुका है और सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है। वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए बेहद धीमी गति से सफर करना पड़ रहा है । सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, स्कूली विद्यार्थियों और बुजुर्गों को हो रही है, जिन्हें फिसलन और पानी से भरे गड्ढों के कारण हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है । वहीं भारी वाहनों की आवाजाही से सड़क की स्थिति लगातार और खराब होती जा रही है ।
यह मार्ग उमरियापान को सिहोरा सहित आसपास के कई गांवों से जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग है । प्रतिदिन छात्र-छात्राएं, किसान, व्यापारी, कर्मचारी और ग्रामीण इसी सड़क से आवागमन करते हैं। खराब सड़क के कारण यात्रा में अधिक समय लग रहा है, वाहनों में आए दिन खराबी आ रही है और लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी बढ़ता जा रहा है ।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति से संबंधित विभाग और प्रशासन पूरी तरह अवगत हैं । अधिकारियों का भी नियमित रूप से इसी मार्ग से आवागमन होता है, लेकिन इसके बावजूद अब तक न तो गड्ढों की स्थायी मरम्मत कराई गई है और न ही सड़क के नवीनीकरण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है । इससे लोगों में प्रशासन के प्रति नाराजगी बढ़ रही है ।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि उमरियापान-सिहोरा मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराया जाए तथा गड्ढों की गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी मरम्मत कराई जाए। ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा संभावित दुर्घटनाओं पर समय रहते रोक लगाई जा सके ।

Related Articles

Back to top button