आदिवासी बाहुल्य गांवों में पहुंचे विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, सुनी समस्याएं

दादर सिंघड़ी पंचायत के छाछर और उमरपानी का किया भ्रमण, 20 लाख रूपये की विकास राशि की दी जानकारी
रिपोर्टर : सतीश चौरसिया
उमरियापान। बड़वारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह ने आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत दादर सिंघड़ी के आश्रित ग्राम छाछर एवं उमरपानी का भ्रमण कर ग्रामीणों से मुलाकात की । इस दौरान उन्होंने आदिवासी परिवारों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देकर कई समस्याओं का मौके पर ही निराकरण कराया।
विधायक ने ग्रामीणों को बताया कि शासन की डीएफएल मद से उमरपानी और छाछर के विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है । उन्होंने कहा कि इस राशि से क्षेत्र में आवश्यक विकास कार्य कराए जाएंगे । साथ ही ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि गांव तक पहुंच मार्ग के पक्कीकरण के लिए भी शीघ्र कार्रवाई कर सड़क निर्माण कराया जाएगा।
भ्रमण के दौरान विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह कोठी और छाछर गांव में हाल ही में दिवंगत हुए आदिवासी परिवारों के मुखियाओं के घर पहुंचे। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवारजनों को ढांढस बंधाया।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष मनीष सिंह बागरी, नरेंद्र त्रिपाठी, राकेश त्रिपाठी, सुलभ, अनूप दुबे, नारायण सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे ।



