मंत्री के बिगड़े बोल को लेकर संयुक्त संगठन मोर्चा ने जमकर किया प्रदर्शन
कालिख भरे मटके फोड़कर कार्यालय में निकाली रैली
विगत 13 दिनों से पंचायतों में लटके ताले
रिपोर्टर : मनीष यादव,पलेरा।
पलेरा। सरपंच सचिवों को कौऐ जैसा टांगने के विवादित बयान को लेकर संयुक्त संगठन मोर्चा की विभिन्न मांगों को लेकर धरने पर बैठे कर्मचारियों की नाराजगी बढ़ गई है। विगत 13 दिन से पंचायत कार्यालय में ताला डालकर जनपद पंचायत प्रांगण के बाहर धरने पर बैठे 300 कर्मचारियों ने सोमवार के दिन जमकर विरोध प्रदर्शन किया। मंत्री के विवादित बयान को लेकर शासन प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए कार्यालय के बाहर हड़ताली कर्मचारियों द्वारा विरोध रैली निकाली गई। इसके साथ ही कालिख भरे मटकों को फोड़कर शासन प्रशासन होश में आओ के नारे लगाए गए। अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जता रहे कर्मचारियों ने मंत्री के विवादित बयान को लेकर इस्तीफा दिए जाने की मांग की है।
भारी बारिश में जमकर दिखा हौसला
जनपद पंचायत क्षेत्र अंतर्गत आने वाली 71 ग्राम पंचायतों के करीब 300 कर्मचारी भारी बारिश का सामना करते हुए धरना स्थल पर बैठे हुए हैं। नगर क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के बावजूद कर्मचारियों का हौसला लगातार बढ़ रहा है। वहीं दूसरी ओर विगत 13 दिन से जारी बनी हुई अनिश्चितकालीन हड़ताल को लेकर ग्राम पंचायत क्षेत्रों में हालात दिनों दिन बिगड़ रहे हैं। संयुक्त मोर्चा संगठन के विरोध प्रदर्शन के दौरान ग्राम क्षेत्र में समस्याओं से जूझ रहे सरपंचों ने धरना स्थल पर आकर संयुक्त संगठन मोर्चा का साथ दिया। सचिव संगठन के अध्यक्ष उमाकांत अग्निहोत्री ने कहा कि अनर्गल बयानबाजी से सचिवों और रोजगार सचिवों का हौसला कम नहीं होगा बल्कि और बढ़ेगा। मांगों के संबंध में जब तक हमारी समस्याओं का निराकरण प्रदेश स्तर से नहीं होगा तब तक संगठन की हड़ताल जारी रहेगी। इसी प्रकार रोजगार सचिवों के अध्यक्ष देवेंद्र कुमार नायक ने कहा कि बर्षो से अपनी सेवाएं दे रहे रोजगार सचिवों को शासन से सिर्फ आश्वासन ही मिलते चले आ रहे हैं, लगातार तेरह दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की मांगे जब तक पूरी नहीं होती यह हड़ताल जारी रहेगी।