मध्य प्रदेश

विहिप का दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग संपन्न

सिलवानी। विश्व हिंदू परिषद के दो दिवसीय जिला अभ्यास वर्ग का आयोजन 25–26 जुलाई को विश्वकर्मा मैरिज गार्डन, सिलवानी में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। वर्ग का शुभारंभ श्रीराम दरबार के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
प्रथम दिवस के उद्घाटन सत्र में प्रांत मंत्री नवल जी भदोरिया ने विश्व हिंदू परिषद की स्थापना, उद्देश्य एवं उपलब्धियों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया। इस अवसर पर वर्ग प्रमुख महेश नामदेव, विभाग मंत्री दौलत लोंगवानी तथा जिला मंत्री बलवंत ठाकुर मंचासीन रहे।
दो दिवसीय अभ्यास वर्ग में सामाजिक समरसता, मठ-मंदिर, नैतिक शिक्षा, सेवा, सुरक्षा तथा संगठन सशक्तीकरण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं मार्गदर्शन हुआ।
द्वितीय दिवस को विभाग संयोजिका दुर्गा वाहिनी बहन मोनिका धाकड़ का प्रेरक उद्बोधन हुआ। समापन सत्र में विभाग संगठन मंत्री मुकेश महेश्वरी ने कार्य-पद्धति, नेतृत्व क्षमता, संगठन विस्तार तथा समर्पित भाव से कार्य करने के विषय में कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया।
अभ्यास वर्ग में जिला, प्रखंड एवं खंड स्तर के पदाधिकारी, दुर्गा वाहिनी की बहनें तथा बड़ी संख्या में विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता एवं भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ हुआ।

Related Articles

Back to top button