गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के अंतर्गत पीएम श्री कन्या विद्यालय में स्वच्छता अभियान एवं जागरूकता रैली आयोजित

सिलवानी। गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित विभिन्न गतिविधियों की श्रृंखला में सोमवार को नगर की प्रतिष्ठित शिक्षण संस्था पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सिलवानी में स्वच्छता अभियान एवं स्वच्छता जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारियों से संबंधित आकर्षक एवं रंगीन पोस्टर तैयार कर स्वच्छ एवं हरित वातावरण का संदेश दिया। विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाकर छात्राओं ने श्रमदान भी किया तथा रैली के माध्यम से आमजन को स्वच्छता अपनाने और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर विकासखंड शिक्षा अधिकारी रूपेंद्र सिंह ठाकुर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालय ही वह मंच है, जहाँ से एक जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि ऐसी छोटी-छोटी गतिविधियाँ जीवनभर सीखने का अवसर प्रदान करती हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में ऐसे संस्कार विकसित करना है, जिससे वे विद्यालय से प्राप्त सीख को अपने घर और समाज तक पहुँचाकर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ा सकें।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा छात्राएँ उत्साहपूर्वक शामिल हुईं और स्वच्छ, स्वस्थ एवं पर्यावरण-अनुकूल समाज के निर्माण का संकल्प लिया।



