मुख्यमंत्री चौहान के मुख्य आतिथ्य में 11 अप्रैल को ग्राम कहुला में होगा राज्य स्तरीय कार्यक्रम
कलेक्टर ने राज्य स्तरीय जल संसद कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश
रायसेन । मुख्मयंत्री शिवराज सिंह चौहान के मुख्य आतिथ्य में 11 अप्रैल को रायसेन जिले की गैरतगंज तहसील के ग्राम कहुला में राज्य स्तरीय जल संसद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री चौहान द्वारा वर्चुअल वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से जलाभिषेक अभियान के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यो का प्रदेश व्यापी शुभारंभ किया जाएगा। रायसेन कलेक्टर अरविन्द कुमार दुबे द्वारा कार्यक्रम आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक सह वीडियो कॉफ्रेंस में जिला अधिकारियों सहित सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर दुबे ने सभी अधिकारियों को 11 अप्रैल को आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम के भव्य और गरिमामय आयोजन हेतु व्यापक स्तर पर तैयारियां करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी आपस में समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम हेतु सभी व्यवस्थाएं पर्याप्त समय पहले पूर्ण कर लें। कलेक्टर द्वारा कार्यक्रम में अतिथियों के आगमन, निर्गमन, बैठक व्यवस्था, पेयजल, यातायात सहित अन्य व्यवस्थाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में अपर कलेक्टर आदित्य रिछारिया, जिला पंचायत सीईओ पीसी शर्मा, एसडीएम एलके खरे सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही वीडियो कॉफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी अनुभागों से एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ सहित अन्य अधिकारी बैठक में शामिल हुए।



