खेतों में नमी के चलते पिछडे़गी गेहूं की बोवनी गेहूं का बढ़ेगा रकबा, शुरू हुआ कटाई का दौर
सिलवानी । अक्टूबर माह तक हुई बारिश ने रबी की बोवनी के शेड्यूल को प्रभावित कर दिया है। बारिश होने की वजह से खेत गीले हैं। जिससे किसान खेत को सुखाने व बखरने में लगे हैं। खेत की गिली मिट्टी को सूखने में करीब 8-10 दिन का समय और लगेगा। जिसके बाद ही बोवनी करना संभव हो जाएगा। बारिश की वजह से रबी फसल की बोवनी 20 दिन देरी से शुरू होगी। लेट बोवनी होने से गेहूं का रकबा बढ़ेगा, लेकिन चना, मटर, अलसी, सरसों सहित अन्य फसलों का रकबा कम हो जाएगा।
बारिश की वजह से हुई देरी
किसानों ने बताया कि हर साल अक्टूबर के अंतिम सप्ताह से 5 नवंबर तक बोवनी पूरी हो जाती थी। इस बार लगातार बारिश होने से बोवनी में 15-20 दिन लेट होने की स्थिति निर्मित हो गई है। वैसे गेंहू की फसल पर इसका असर नहीं होगा। गेहूं की बोवनी का सबसे उपयुक्त मौसम 10 से 25 नवंबर के बीच का होता है। चना व अन्य फसलों की बोवनी जरूर देरी से शुरू होगी।



