विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने गायों को पहनाया रेडियम युक्त पट्टा

सिलवानी। गोरक्षा को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक नई पहल शुरू की है। रात के समय सड़क दुर्घटनाओं से गायों को बचाने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं द्वारा सड़कों के किनारे घूम रही गायों को रेडियम युक्त पट्टा पहनाया जा रहा है।
रेडियम पट्टे की यह विशेषता है कि अंधेरे में यह चमकते हैं, जिससे वाहन चालकों को दूर से ही पशु दिख जाते हैं और हादसों की संभावना कम हो जाती है। यह अभियान खास तौर पर उन क्षेत्रों में चलाया जा रहा है जहाँ पर अक्सर आवारा गायें सड़कों पर घूमती हैं और दुर्घटनाओं का कारण बनती हैं।
विश्व हिंदू परिषद के राहुल नामदेव, राघवेंद्र कुशवाहा ने बताया हमारी संस्कृति में गाय को मां का दर्जा दिया गया है। उन्हें सड़कों पर मरने के लिए छोड़ देना पाप है। रेडियम पट्टा एक छोटा कदम है, लेकिन इससे कई जानें बच सकती हैं न सिर्फ गायों की बल्कि वाहन चालकों की भी।
इस दौरान नीरज जोशी, हरदयाल मेहरा, हीरा कुशवाहा, विजय नामदेव, अमित रजक आदि मौजूद रहे।



