क्राइम

पत्नी से फोन पर बार-बार बात करता था, इसलिए कर दी हत्या

उदयपुरा पुलिस ने अंधेकत्ल का किया पर्दाफाश
रिपोर्टर : प्रशांत जोशी
उदयपुरा । पुलिस ने ग्राम सौजनी में चार अगस्त को हुई जुगलकिशोर रघुवंशी की हत्या के अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फर्सा एवं लकड़ी की पाटी बरामद की है। उल्लेखनीय है कि चार अगस्त को सोजनी रोड पर जुगलकिशोर रघुवंशी का शव खून से लथपथ पड़ा मिला था। पुलिस ने मृतक के मामा चन्दन सिंह रघुवंशी की सूचना पर पर मौके से शव बरामद किया, जिसकी गर्दन एवं शरीर पर धारदार हथियार से वार करने के निशान थे। हत्या की आशंका पर प्रकरण दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू की। एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती ने थाना प्रभारी जयवंत सिंह काकोडिया के नेतृत्व में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया।पुलिस टीमों द्वारा घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए घटनास्थल के आसपास रहने वाले व्यक्तियों, राहगीरों एवं झोपड़ियों में रहने वाले लोगों से पूछताछ की। साथ ही मृतक के परिचितों एवं उसके आने-जाने वाले स्थानों की जानकारी जुटाई गई। उदयपुरा से घटनास्थल तक आने-जाने वाले संभावित मार्गो के सीसीटीवी फुटेज भी लगातार खंगाले गए।विवेचना के दौरान पुलिस को सीसीटीवी फुटेज एवं साक्षी के कथनों से कुछ महत्वपूर्ण सुराग प्राप्त हुए। जिनके आधार पर ग्राम सौजनी निवासी अरविंद मेहरा एवं दीपक मेहरा पुलिस के संदेह के दायरे में आए। दोनों को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में सामने आया कि जुगलकिशोर रघुवंशी, आरोपी अरविंद मेहरा की पत्नी से बार-बार फोन पर बातचीत करता था। जिससे अरविंद मेहरा को जुगलकिशोर रघुवंशी के उसकी पत्नी से संबंध होने का संदेह था। इसी बात को लेकर अरविंद मेहरा एवं उसकी पत्नी के बीच कई बार विवाद भी हुआ। घटना वाले दिन भी जुगलकिशोर रघुवंशी, आरोपी के घर आया था एवं वहां अरविंद मेहरा की पत्नी से बातचीत को लेकर विवाद हुआ था। उसके बाद दीपक मेहरा के घर गया और वहां से खेत पर जाने को बोल कर निकल गया। उसके बाद भी उसने अरविंद मेहरा की पत्नी से फोन पर बात करने के प्रयास किए। इसी बात को लेकर अरविंद मेहरा ने अपने भाई दीपक मेहरा के साथ जाकर खेत के पास जुगलकिशोर के साथ फर्सा एवं लकड़ी की पाटी से मारपीट की, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने अरविंद मेहरा के कब्जे से घटना में प्रयुक्त फर्सा तथा आरोपी दीपक मेहरा के कब्जे से लकड़ी की पाटी बरामद कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय उदयपुरा के समक्ष पेश किया। उक्त अंधे कत्ल के खुलासे एवं आरोपियों की गिरफ्तारी में थाना प्रभारी जयवंत सिंह काकोडिया, उनि केशव शर्मा, परवेज रिजवी सउनि चंद्रशेखर यादव, नारायण सिंह, प्रआर आदर्श बौरासी, विद्या विश्वकर्मा, महेन्द्र सिंह, रूपेश कुमार, आर मुकेश पटेल, जितेन्द्र राजपूत, रतिराम खापरे एवं संध्या घोषी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles

Back to top button